देश

दिल्ली एयरपोर्ट पर SpiceJet का हाल बेहाल? 3 उड़ानों में भारी देरी के चलते यात्री परेशान; DIAL ने दी सफाई

SpiceJet Flight Delay: दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार को स्पाइसजेट के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरलाइन की तीन उड़ानों में परिचालन संबंधी कारणों से भारी देरी हुई, जिसके चलते यात्री बोर्डिंग गेट पर इंतजार करते नजर आए।

Image

स्पाइसजेट की उड़ानों में भारी देरी के चलते यात्री परेशान (फाइल फोटो)

SpiceJet Flight Delay: दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार को स्पाइसजेट की उड़ानें प्रभावित हुईं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, स्पाइसजेट की उड़ानों में देरी के चलते बड़ी संख्या में यात्रियों को बोर्डिंग गेट पर इंतजार करना पड़ा।

दिल्ली एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी DIAL ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यात्रियों की भीड़ का एक वीडियो साझा किया। डायल ने कहा कि स्पाइसजेट की कुछ उड़ानों में परिचालन संबंधी व्यवधान के कारण यात्रियों को हुई असुविधा के लिए उसे खेद है।

डायल ने कहा कि एयरपोर्ट की टीमें एयरलाइन और संबंधित पक्षों के साथ लगातार समन्वय कर रही हैं। प्रभावित यात्रियों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने और स्थिति को सामान्य करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

असुविधा के लिए खेद

इस दौरान, स्पाइसजेट का बयान भी सामने आया। स्पाइसजेट ने कहा कि दिल्ली से लेह जाने वाली SG121 और SG127 तथा दिल्ली से जम्मू जाने वाली SG2160 उड़ानों में परिचालन संबंधी कारणों से देरी हुई। एयरलाइन के मुताबिक, तीनों उड़ानें बाद में रवाना हुईं और अपने गंतव्य पर सुरक्षित पहुंच गईं। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए एयरलाइन ने खेद भी जताया।

स्पाइसजेट यात्रियों ने किया प्रदर्शन

इससे पहले,15 सितंबर को स्पाइसजेट के करीब 200 यात्रियों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर विरोध प्रदर्शन किया। दरअसल, यात्रियों की दुबई जाने वाली उड़ानों को कई बार रिशेड्यूल किया गया था, जिसके चलते उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा था।

पिछले कई दिनों से स्पाइसजेट ऐसी समस्याओं से जूझ रहा है। पिछले सप्ताह नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने पीटीआई के साथ बातचीत में कहा था कि मंत्रालय और विमानन नियामक डीजीसीए एयरलाइन की वित्तीय स्थिति और परिचालन पर करीब से नजर रख रहे हैं। सनद रहे कि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है और यहां रोजाना 1,300 से ज्यादा फ्लाइट्स आती-जाती हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article