PM Modi Rozgar Mela: रोजगार और युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20वें रोजगार मेले के दौरान 51,000 से अधिक युवाओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नियुक्ति पत्र सौंपे। विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी पाने वाले युवाओं को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने भारत के बदलते आर्थिक परिदृश्य और उसमें युवाओं की बढ़ती भागीदारी पर अपने विचार रखे।
संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम की तारीफ करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब बन चुका है। सबसे अच्छी बात यह है कि स्टार्टअप संस्कृति अब सिर्फ बड़े महानगरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स में से लगभग आधे Tier-2 और Tier-3 शहरों से आ रहे हैं। छोटे शहरों और गांवों के युवा नए विचार ला रहे हैं, कंपनियां बना रहे हैं और दूसरों के लिए रोजगार पैदा कर रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'सोमवार शाम 4 बजे तक हर हाल में हों पेश, वरना...', कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले CM हेमंत सोरेन को दिया सख्त आदेश
15,000 रुपये तक का इंसेंटिव
निजी क्षेत्र में रोजगार बढ़ाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने करीब 1 लाख करोड़ रुपये के बजट वाली 'प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना' की बात की। उन्होंने बताया कि इस योजना के जरिए लगभग 2 करोड़ युवाओं को पहली बार कार्यबल में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके तहत अपनी पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को सरकार की ओर से 15,000 रुपये तक का इंसेंटिव दिया जा रहा है, साथ ही नए रोजगार देने वाले नियोक्ताओं को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
भारत ने लगभग 40 देशों के साथ किए मुक्त व्यापार समझौते-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि भारत ने लगभग 40 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) किए हैं, जिससे भारतीय उद्यमियों और युवाओं के लिए वैश्विक बाजार खुल रहे हैं। युवाओं के कौशल विकास को मजबूत करने के लिए 'PM SETU' योजना के तहत 60,000 करोड़ रुपये के निवेश से 1,000 सरकारी आईटीआई (ITI) को आधुनिक बनाया जा रहा है, ताकि शिक्षा और कौशल उद्योग की जरूरतों के अनुरूप रह सके।
