Kushinagar Flood: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बाढ़ कहर बरपा रही है। यहां खेत, घर, स्कूल से लेकर हॉस्पिटल तक सब पानी में डूबे हुए हैं। नारायणी नदी भी उफान पर है और नेपाल से भी पानी छोड़ा गया है। कुशीनगर के खड्डा थाना के नारायणी नदी के उस पार शिवपुर, हरिहरपुर, मारिचहवा, नारायणपुर गांव पानी मे डूब गए हैं। इन गांवों का दौरा करने के लिए डीएम उमेश मिश्र, एसपी धवल जायसवाल और विधायक विवेकानंद पांडेय ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंचे। जहां उन्होंने बाढ़ के हालात का जायजा लिया और पीडितों का हाल जाना।
NDRF ने किया लोगों को रेस्क्यू
नेपाल ने 4.4 क्यूसेक पानी छोड़ा है, जिससे नारायणी नदी का जलस्तर और बढ़ गया है। सड़कों और घरों में पानी भर गया है। बाढ़ के कारण नारायणी नदी के दूसरी पार करीब 60 लोग फंसे हुए थे। इन लोगों को NDRF की टीम ने रेस्क्यू कर लिया है। यहां पुलिस चौकी और अस्पताल सब पानी-पानी हो गया है। गांव में एडीएम वैभव मिश्र सहित स्थानीय प्रशासन कैम्प कर रहे हैं।
आवाजाही बंद, घरों में भरा पानी
कुशीनगर में कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। जिसके चलते यहां जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। सड़कें पानी में डुबी हुई हैं, जिस कारण आवाजाही बंद है। स्कूलों में भी पानी भरा हुआ है। जिसके चलते बच्चों की पढ़ाई भी रुकी हुई है। गांव के बच्चे प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने के बजाय पानी मे नहा रहे हैं। घरों में भी पानी भरा हुआ है। जिस कारण महिलाओं ने ट्राली पर शरण ली हुई है।
