देश

टीम डोभाल हुई और मजबूत, नए एडिशनल NSA की हुई नियुक्ति, जानिए कौन हैं राजिंदर खन्ना

Rajinder Khanna : डिप्टी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और R&AW के पूर्व चीफ राजिंदर खन्ना को एडिशनल नेशनल सेक्युरिटी एडवाइजर बनाया गया है। यही नई टीवी रविचंद्रन और पवन कपूर की नियुक्ति उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पद पर हुई है। इससे एनएसए अजीत डोभाल की टीम और मजबूत हो गई है।

Image

राजिंदर खन्ना एडिशनल एनएसए।

KEY HIGHLIGHTS
  • राजिंदर खन्ना को एडिशनल नेशनल सेक्युरिटी एडवाइजर बनाया गया
  • टीवी रविचंद्रन और पवन कपूर की नियुक्ति उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पद पर
  • 1978 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं राजिंदर खन्ना

Rajinder Khanna : राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की टीम और मजबूत हो गई है। सरकार ने उनकी टीम में नए अधिकारियों की नियुक्ति की है। डिप्टी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और R&AW के पूर्व चीफ राजिंदर खन्ना को एडिशनल नेशनल सेक्युरिटी एडवाइजर बनाया गया है। यही नई टीवी रविचंद्रन और पवन कपूर की नियुक्ति उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पद पर हुई है। रविचंद्रन अभी इंटेलिजेंस ब्यूरो में स्पेशल डाइरेक्टर और कपूर विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) के रूप में काम कर रहे हैं।

रॉ के चीफ रह चुके हैं

गत मंगलवार को सरकार ने इन नई नियुक्तियों के सिलसिले में एक अधिसूचना जारी की। ये सभी अधिकारी एनएसए अजीत डोभाल के साथ काम करेंगे। खन्ना साल 2014 से 2016 तक भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ के चीफ रह चुके हैं। कुछ दिनों पहले एनएसए डोभाल को भी एनएसए पद पर तीसरा कार्यकाल मिला। समझा जाता है कि एनएसए के साथ इन अधिकारियों का तालमेल अच्छा है।

कई अहम पदों पर रह चुके हैं खन्ना

राजिंदर खन्ना 1978 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। वह अब तक कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। खन्ना को पाकिस्तान के विषयों और आतंकविरोधी अभियानों में महारत हासिल है। वह प्रौद्योगिकी एवं खुफिया विभाग भी संभाल चुके हैं। खन्ना पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल सहित पड़ोसी देशों की नीति दस्तावेज तैयार करने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में विशेष कार्य अधिकारी के रूप में भी अपनी सेवा दे चुके हैं।

विदेश सचिव बनेंगे विक्रम मिस्री

उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार विक्रम मिस्री देश के अगले विदेश सचिव बनेंगे। भारत सरकार ने इस पद पर शुक्रवार को उनकी नियुक्ति की। मिस्री 1989 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) के अधिकारी हैं। वह 15 जुलाई से अपना नया पद भार संभालेंगे। अभी वह उप राष्ट्रीय सलाहकार हैं। वह मौजूदा विदेश सचिव विनय क्वात्रा की जगह लेंगे। छह महीने का सेवा विस्तार पाए क्वात्रा 14 जून तक विदेश सचिव पद पर रहेंगे। क्वात्रा के बारे में चर्चा है कि उन्हें अमेरिका में भारत का राजदूत नियुक्त किया जा सकता है। मिस्री को चीन मामलों का एक्सपर्ट माना जाता है। 2020 की गलवान घाटी की झड़प के बाद वह चीन में भारत के राजदूत रहे। गलवान झड़प के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और चीनी प्रशासन के साथ बातचीत में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article