देश

UK के Manchester से दौड़ी चली आई India के Agra, फिर किया यह काम

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Nov 7, 2022, 12:43 PM IST

अपनी फिरंगी बहू को लेकर सिंह की मां सुभद्रा देवी ने बताया- हम हैना को अपने परिवार के सदस्य के तौर पर पाकर खासा खुश हैं। मेरे बेटे ने उससे शादी की, जिससे वह प्यार करता था। हैना हमारे घर में ढेर सारी खुशियां लेकर आई हैं। वह हिंदी तो नहीं समझती है, पर हमारी भावनाएं को जरूर समझ जाती है।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है।

Photo : iStock

"सात समुंदर पार मैं तेरे पीछे-पीछे आ गई...।" बॉलीवुड एक्टर सनी देओल की फिल्म "विश्वआत्मा का यह गाना तो आपने सुना होगा, पर हाल ही में इस गाने की पक्तियां सच साबित हो गईं। इंग्लैंड के मैन्चेस्टर शहर से एक लड़की उत्तर प्रदेश की ताज नगरी सिर्फ इसलिए दौड़ी चली आई, क्योंकि उसे आगरा में किसी से प्यार हो गया था। रोचक बात है कि हिंदुस्तान आकर उसने न केवल प्रेमी से मुलाकात की बल्कि उसे शादी भी रचा ली।

मामला 26 साल की हैना हॉविट से जुड़ा है। वह ब्रिटेन में नर्स थीं, जिन्हें आगरा में 28 साल के पलेंद्र सिंह से इश्क हो गया था। कोरोना लॉकडाउन के दौरान वह सिंह के धार्मिक पॉडकास्ट्स से खासा प्रभावित हुई थीं। तीन साल तक दोनों के बीच डेटिंग चली, जिसके बाद वे विवाह के पवित्र बंधन में बंधे। शनिवार (पांच नवंबर, 2022) की रात गढ़े का नंग्ला गांव में शिव शक्ति मंदिर में दोनों ने ब्याह रचाया और फेरे लिए।

हैना ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में शादी से जुड़ी सभी भारतीय परंपराएं और रस्में निभाईं। वह अब भारत में ही रहना चाहती हैं। किसान पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाले सिंह प्राइवेंट कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर के तौर पर काम करते हैं।

शादी कराने वाले पुजारी विवेकानंद गिरी ने समारोह के दौरान बताया- दोनों की आपसी सहमति से वैदिक परंपरा के तहत यह विवाह संपन्न हुआ। दुल्हन ने पारंपरिक लहंगा पहना था और उसने शादी की पूरी रस्मों में खासा रुचि दिखाई थी।

भारतीय संस्कृति से प्रभावित हैना ने बताया- हमारा संबंध अध्यात्म में सामान्य दिलचस्पी की वजह से शुरू हुआ था। मेरे परिवार वालों ने भी इस कदम को उठाने में मेरा समर्थन किया। मैं अब हिंदी सीख रही हूं और भारतीय जीवनशैली को अपना रही हूं।

इस बीच, लड़के ने कहा- हम सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए थे। हम धार्मिक मसलों पर पॉडकास्ट बनाया करते थे। ऑनलाइन चर्चा के दौरान हम एक दूसरे को पसंद करने लगे थे। मैंने उसे प्रपोज किया और उसने हां कह दिया। तीन साल की ऑनलाइन डेटिंग के बाद हम अब खुशी-खुशी शादीशुदा हैं।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article