देश

Delhi : सारिता विहार फ्लाईओवर पर मुठभेड़, कुख्यात ‘माया गैंग’ का सरगना गिरफ्तार

घटना 22 और 23 सितंबर की रात करीब 11:45 बजे हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि सागर उर्फ माया स्कूटी पर कालिंदी कुंज की ओर से आ रहा है। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय स्कूटी छोड़कर पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं।

Image

Delhi : सारिता विहार फ्लाईओवर पर मुठभेड़, कुख्यात ‘माया गैंग’ का सरगना गिरफ्तार

दक्षिण-पूर्वी जिले की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने सारिता विहार फ्लाईओवर पर मुठभेड़ के बाद कुख्यात लुटेरा और ‘माया गैंग’ का सरगना सागर उर्फ माया (23) को दबोच लिया। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से उसके पैर में चोट आई है। पुलिस ने उसके पास से एक .32 बोर की सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, तीन खाली खोखे और एक एन-टॉर्क स्कूटी बरामद की है।

कैसे हुई मुठभेड़?

घटना 22 और 23 सितंबर की रात करीब 11:45 बजे हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि सागर उर्फ माया स्कूटी पर कालिंदी कुंज की ओर से आ रहा है। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय स्कूटी छोड़कर पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी दो राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद उसे काबू कर तुरंत सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अपराध की लंबी फेहरिस्त

सागर उर्फ माया के खिलाफ आठ से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, झपटमारी, पुलिस पर फायरिंग और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। वह अमर कॉलोनी थाने का सक्रिय BC (Bad Character) है। हाल ही में 20 सितंबर को उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर एक बड़ी लूट की थी, जिसमें वह वांछित चल रहा था।

फिल्मों से मिली ‘माया’ पहचान

पुलिस जांच में सामने आया है कि सागर को एक्शन फिल्में देखने का शौक है। वह फिल्म ‘Shootout at Lokhandwala’ के किरदार माया से इतना प्रभावित हुआ कि खुद को ‘माया भाई’ कहने लगा और अपनी खुद की गैंग बना ली। गैंग का नाम रखा गया ‘माया गैंग’ और इसका नारा है— “माया, मौत का दूसरा नाम”। गैंग के हर सदस्य ने “मौत” का टैटू बनवाया हुआ है।

इलाके में वसूली भी करता था

23 साल की उम्र में ही सागर इतना खतरनाक हो गया था कि वह इलाके के दूसरे अपराधियों से भी सुरक्षा के नाम पर वसूली करता था। हथियारों का शौक ऐसा कि आए दिन पिस्टल और चाकुओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड करता रहता था।

अन्य साथी अब भी फरार

डीसीपी साउथ ईस्ट डॉ. हेमंत तिवारी के मुताबिक, सागर उर्फ माया के अन्य साथी अब भी फरार हैं। उनकी तलाश में छापेमारी जारी है। उसके खिलाफ सारिता विहार थाने में भी नया केस दर्ज किया गया है।
Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article