Emirates Flight Returns: तिरुवनंतपुरम से दुबई जाने वाली एमिरेट्स की एक उड़ान सोमवार को हवाई अड्डे पर सुरक्षा संबंधी सूचना मिलने के बाद लौट आई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यहां हवाई अड्डे के एक प्रवक्ता ने बताया कि दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद होने के कारण एमिरेट्स की तिरुवनंतपुरम-दुबई उड़ान बीच रास्ते से ही लौट आयी और तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी। यह उड़ान 353 यात्रियों और चालक दल के 19 सदस्यों के साथ सुबह चार बजकर 40 मिनट पर रवाना हुई और आठ बजकर 40 मिनट पर लौट आई। दरअसल, दुबई एयरपोर्ट के पास ईरानी ड्रोन हमले के कारण विमान को वापस लौटाना पड़ा।
प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को टर्मिनल पर ले जाया गया। इससे पहले, एमिरेट्स की एक अन्य उड़ान EK533 सुबह साढ़े चार बजे कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 352 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी लेकिन दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अचानक बंद किए जाने के कारण कोच्चि लौट आई थी।
दुबई एयरपोर्ट के पास ड्रोन हमला
अमेरिका-ईरान सैन्य संघर्ष में संयुक्त राष्ट्र अमीरात सहित कई देश बुरी तरह प्रभावित हो चुके हैं। सोमवार तड़के दुबई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ड्रोन गिरने के बाद जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद ईंधन टैंक में आग लग गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें कि आग की लपटें और काला धुआं साफ देखा जा सकता है। दुबई मीडिया ऑफिस ने भी ड्रोन अटैक की पुष्टि की है। इस ड्रोन हमले के बाद विमान संचालन प्रभावित हो चुकी है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार के मुताबिक दुबई आने वाली कई उड़ानों को फिलहाल होल्ड पर रखा गया।
दुबई की प्रमुख एयरलाइन अमीरात एयरलाइंस (Emirates) ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि फिलहाल दुबई के लिए सभी उड़ानें रोक दी गई हैं। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल एयरपोर्ट न जाएं। एयरलाइन के मुताबिक स्थिति सामान्य होने और नई जानकारी मिलने पर यात्रियों को अपडेट दिया जाएगा। एयरलाइन ने अपने बयान में कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
