देश

SIR: अब 11 दिसंबर तक भरे जाएंगे एसआईआर फॉर्म; चुनाव आयोग ने बढ़ाई समय सीमा

एसआईआर के तहत मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया में आ रही तकनीकी और जमीनी स्तर की दिक्कतों को देखते हुए चुनाव आयोग ने फॉर्म भरने की समय सीमा बढ़ा दी है।

Image

सांकेतिक तस्वीर | PTI

Photo : PTI

मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में आ रही तकनीकी और जमीनी स्तर की दिक्कतों को देखते हुए चुनाव आयोग ने एसआईआर फॉर्म भरने की समय सीमा बढ़ा दी है। अब 11 दिसंबर तक अपने एसआईआर फॉर्म भरे जा सकेंगे। चुनाव आयोग ने इसका संशोधित कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। इसके मुताबिक अब एसआईआर फॉर्म 11 दिसंबर 2025 तक भरे जा सकेंगे। यह निर्णय 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जारी SIR प्रक्रिया पर लागू होगा।

चुनाव आयोग ने नया शेड्यूल किया जारी

चुनाव आयोग ने 30 नवंबर को सभी मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को भेजे अपने पत्र में कहा कि 27 अक्टूबर को जारी पुराने आदेश को निरस्त करते हुए संशोधित कैलेंडर लागू किया जा रहा है। नए शेड्यूल के अनुसार, अब ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 16 दिसंबर 2025 को प्रकाशित की जाएगी। इससे पहले 12 से 15 दिसंबर तक कंट्रोल टेबल अपडेट होगा और ड्राफ्ट रोल तैयार किए जाएंगे। वहीं, सूची पर आपत्तियां 16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक स्वीकार की जाएंगी।

eci

चुनाव आयोग ने जारी किया संशोधित कार्यक्रम।

चुनाव आयोग ने बताया है कि इसी अवधि में सुनवाई, सत्यापन और दावों-आपत्तियों का निस्तारण भी चलेगा, जिसे ईआरओ द्वारा 7 फरवरी 2026 तक पूरा करना होगा। वहीं, मतदाता सूची की जांच और इस पर आयोग से अनुमति के लिए अंतिम तिथि 10 फरवरी 2026 तय की गई है। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

इन राज्यों में चल रही है एसआईआर की प्रक्रिया

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने बीते 27 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल समेत 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों के गहन विशेष पुनरीक्षण का एलान किया था। इन राज्यों में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।

कांग्रेस ने बोला हमला

वहीं, चुनाव आयोग द्वारा एसआईआर की प्रकिया की समयावधि को बढ़ाने के बाद कांग्रेस ने आयोग पर हल्ला बोला है। उसने कहा कि अब चुनाव आयोग को भी एहसास हो रहा है कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण काम इतने कम समय में पूरा नहीं हो सकता।

कांग्रेस नेता और राज्यसभा में पार्टी के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि चुनाव आयोग को अहंकार त्यागकर 2003 के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही यह प्रक्रिया आयोजित करनी चाहिए।


Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article