बिजनेस

डीजल पर 5 और Petrol पर 1 रुपए घटा Tax, क्या कम होंगे पेट्रोल-डीजल के दाम?

केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और ATF के एक्सपोर्ट पर लगने वाले Windfall Tax में कटौती की है। डीजल पर टैक्स ₹5 और पेट्रोल पर ₹1 प्रति लीटर घटा है। हालांकि, घरेलू ग्राहकों के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर इसका सीधा असर नहीं पड़ेगा।

Image

डीजल पर 5 और Petrol पर 1 रुपए घटा Tax

तेल कंपनियों को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF के निर्यात पर लगने वाले स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी (SAED) यानी Windfall Tax में कटौती की है। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, नई टैक्स दरें 16 सितंबर 2026 की रात से तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। इस फैसले से मुख्य रूप से उन कंपनियों को राहत मिलेगी जो भारत में रिफाइन किए गए पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात करती हैं।

सरकार के नए फैसले के बाद पेट्रोल के एक्सपोर्ट पर लगने वाला Windfall Tax ₹1.50 प्रति लीटर से घटाकर ₹0.50 प्रति लीटर कर दिया गया है। यानी पेट्रोल के निर्यात पर कंपनियों को अब हर लीटर ₹1 कम टैक्स देना होगा। इससे निर्यात करने वाली कंपनियों की लागत में कमी आएगी।

कितना घटा टैक्स?

डीजल के मामले में टैक्स में इससे भी बड़ी कटौती की गई है। डीजल के निर्यात पर कुल टैक्स को ₹25 प्रति लीटर से घटाकर ₹20 प्रति लीटर कर दिया गया है। यानी कंपनियों को हर लीटर डीजल के एक्सपोर्ट पर ₹5 की राहत मिलेगी। पहले इस टैक्स में SAED के साथ ₹1 प्रति लीटर Road and Infrastructure Cess भी शामिल था। नए फैसले में इस सेस को भी हटा दिया गया है।

इसके अलावा एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF के निर्यात पर लगने वाले Windfall Tax में भी बदलाव किया गया है। अब ATF के एक्सपोर्ट पर ₹15 प्रति लीटर की दर से टैक्स लागू होगा। इस बदलाव का फायदा उन कंपनियों को मिलेगा जो रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों को विदेशी बाजारों में बेचती हैं।

क्या पेट्रोल-डीजल होगा टैक्स?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस टैक्स कटौती से आम लोगों के लिए पेट्रोल और डीजल सस्ता हो जाएगा? इसका सीधा जवाब है इस फैसले का घरेलू बाजार में बिकने वाले पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर सीधे तौर पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सरकार ने घरेलू बिक्री पर लागू मौजूदा एक्साइज ड्यूटी में कोई बदलाव नहीं किया है। इसलिए सिर्फ Windfall Tax घटने से पेट्रोल पंप पर ग्राहकों को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

इस फैसले का सीधा फायदा उन तेल कंपनियों को मिलेगा जो भारत में कच्चे तेल को रिफाइन करके पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात करती हैं। निर्यात पर टैक्स कम होने से इन कंपनियों की लागत घट सकती है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपने उत्पाद बेचने में मदद मिल सकती है। इससे उनकी कमाई और Profit Margin पर भी असर पड़ सकता है, हालांकि वास्तविक फायदा अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों, एक्सपोर्ट वॉल्यूम और अन्य लागतों पर निर्भर करेगा।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article