देश

ED ने बहुत ही मनमाने तरीके से काम किया है- सुप्रीम कोर्ट में केजरीवाल ने आरोपों की लगाई झड़ी, गिरफ्तारी को दी है चुनौती

Arvind Kejriwal: ​दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को सुप्रीम कोर्ट में प्रवर्तन निदेशालय के हलफनामे पर अपना जवाब दाखिल करते हुए कहा कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि शराब नीति मामले में चल रही जांच के सिलसिले में आप को धन या अग्रिम रिश्वत मिली है।

Image

अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट में दी अपनी गिरफ्तारी को चुनौती

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • दिल्ली शराब नीति घोटाले में ईडी ने किया है केजरीवाल को गिरफ्तार
  • ईडी ने केजरीवाल को ही बताया है दिल्ली शराब नीति घोटाले का मास्टरमाइंड
  • केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी को सुप्रीम कोर्ट में दी है चुनौती

Arvind Kejriwal: दिल्ली के सीएम और आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट में ईडी पर कई सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली शराब नीति घोटाले में ईडी ने बहुत ही मनमाने तरीके से काम किया है।

आप को नहीं मिला कोई पैसा- केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को सुप्रीम कोर्ट में प्रवर्तन निदेशालय के हलफनामे पर अपना जवाब दाखिल करते हुए कहा कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि शराब नीति मामले में चल रही जांच के सिलसिले में आप को धन या अग्रिम रिश्वत मिली है। अपने जवाब में, AAP प्रमुख ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के कार्यक्रम की घोषणा होने और आदर्श आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले उनकी गिरफ्तारी का तरीका और समय ईडी की मनमानी के बारे में बताता है।

केजरीवाल ने गिरफ्तारी की दी है चुनौती

दिल्ली शराब नीति घोटाले में अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका के संबंध में ईडी के हलफनामे पर जवाब में केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने हमेशा जांच में सहयोग किया है। आप नेता ने कहा कि ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपने जवाबी हलफनामे में कहा है कि उनकी गिरफ्तारी की एक वजह यह थी कि वह नौ बार तलब किए जाने के बावजूद जांच अधिकारी के सामने उपस्थित नहीं हुए थे। इसपर केजरीवाल ने कहा कि ईडी ने अपने जवाब में कहा है कि ऐसे मामले में जांच अधिकारी का यह राय बनाना उचित था कि हिरासत में पूछताछ से आरोपी से ठोस पूछताछ हो पाएगी। उन्होंने कहा- "जवाब के आशय, पाठ और सामग्री से कोई संदेह नहीं रह जाता है कि ईडी ने कानून की उचित प्रक्रिया का सरासर अपमान करते हुए बहुत ही मनमाने तरीके से काम किया है।"

ईडी का दावा

इस सप्ताह की शुरुआत में शीर्ष अदालत में दाखिल अपने जवाबी हलफनामे में ईडी ने दावा किया कि केजरीवाल आबकारी नीति घोटाले के ‘‘सरगना और मुख्य साजिशकर्ता’’ हैं और सबूत के आधार पर अपराध के लिए किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की अवधारणा का उल्लंघन नहीं करती है। ईडी ने यह भी दावा किया कि केजरीवाल ने अपने मंत्रियों और आप नेताओं के साथ मिलकर काम किया और नीति के तहत पहुंचाए गए लाभ के बदले में शराब कारोबारियों से ‘‘रिश्वत मांगने’’ में भी शामिल थे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!