Election News: चुनाव आयोग ने रविवार को बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार शाम नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन राज्यों में चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की।
असम, केरल, तमिलनाडु और पुडेचेरी में एक चरण में और पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होंगे। वहीं, पांचों राज्यों के चुनाव नतीजे 4 मई, 2026 को घोषित होंगे।
इन तीन राज्यों में एक चरण में होंगे चुनाव
असम, केरल और पुडुचेरी
- असम में एक चरण में 9 अप्रैल को चुनाव, 4 मई को नतीजे
- केरल में एक चरण में 9 अप्रैल को चुनाव, 4 मई को नतीजे
- पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को चुनाव, 4 मई को नतीजे
- तमिलनाडु में एक चरण में 23 अप्रैल को चुनाव, 4 मई को नतीजे
बंगला में कब-कब हैं चुनाव?
पश्चिम बंगाल में मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को होगी, जबकि दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल की तारीख तय की गई है। राज्य में भी मतगणना 4 मई को होगी।
इस चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने कई अहम कदम भी उठाए हैं ताकि चुनाव और मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से हो।चुनाव आयोग सभी मतदान केंद्रों के लिए 100% वेबकास्टिंग उपलब्ध कराएगा चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि आयोग मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता और निगरानी को मजबूत करने के लिए चारों राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में 2026 के विधानसभा चुनावों के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की सुविधा प्रदान करेगा।
चुनाव आयोग ने अधिकारियों को क्या दिए निर्देश?
ज्ञानेश कुमार ने कहा, "सभी प्रवर्तन एजेंसियों (लगभग 24) को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव प्रलोभन और हिंसा से मुक्त होने चाहिए। कलेक्टरों और एसपी को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरी निष्पक्षता से कार्य करें और कानून का पालन सुनिश्चित करें। पर्यवेक्षक राज्यों का दौरा करेंगे, उनकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए, और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की फर्जी खबर पर कड़ी निगरानी रखी जानी चाहिए और आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।"
ज्ञानेश कुमार ने कहा, "प्रत्येक मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी हर दो घंटे में डाले गए मतों की संख्या दर्ज करेंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाए जा रहे मतदान प्रतिशत लगभग सटीक हों और मतदान समाप्त होने पर 17C में जो भी आंकड़े हों, उसी के अनुसार प्रतिशत बिना किसी देरी के प्रदर्शित किया जाए। सभी बूथ अधिकारियों को पहचान पत्र दिए गए हैं ताकि हमारे मतदाता और परिवार उन्हें आसानी से पहचान सकें।"
चुनाव के आंकड़े किए जाएंगे शेयर
चुनाव आयोग ने आगे कहा कि पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एक अन्य पहल के तहत, डाक मतपत्रों की गिनती ईवीएम से दो चरण पहले की जाएगी। इसी तरह, चुनाव से संबंधित सभी आंकड़े मतगणना समाप्त होने के 72 घंटों के भीतर ईसीआई-नेट पर उपलब्ध होंगे। यदि मतदान केंद्रों पर उपस्थित सभी मतदान एजेंटों को दिए गए 17C और ईवीएम की गिनती में टाइपिंग त्रुटियों के कारण कोई अंतर होता है, तो उस ईवीएम के वीवीपीएटी की गिनती की जाएगी। इसी तरह, मतगणना समाप्त होने के बाद, हारने वाला उम्मीदवार निर्धारित शुल्क का भुगतान करने के बाद ईवीएम की जांच करा सकता है। वीवीपीएटी गणना के साथ।"
