EAM Jaishankar to visit US: विदेश मंत्री एस जयशंकर क्वाड समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए सोमवार को तीन दिवसीय यात्रा पर अमेरिका पहुचेंगे। अमेरिका यात्रा के दौरान विदेशमंत्री स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत के लिए एक साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के नए प्रस्तावों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। विदेश मंत्रालय ने रविवार को बताया कि जयशंकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के आमंत्रण पर 30 जून से दो जुलाई तक अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे। इसमें कहा गया है कि एक जुलाई को होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक, 21 जनवरी को वाशिंगटन में हुई पूर्व बैठक में हुई चर्चाओं पर आधारित होगी।
क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में करेंगे शिरकत
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, वे क्षेत्रीय और वैश्विक विकास, विशेष रूप से हिंद-प्रशांत क्षेत्र से संबंधित मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। भारत द्वारा आयोजित क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन से पहले विभिन्न क्वाड पहलों पर हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसमें कहा गया है कि मंत्रियों द्वारा स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से नए प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किए जाने की संभवना है।जयशंकर 30 जून को न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में ‘ह्यूमन कॉस्ट ऑफ टेररिज्म’ नामक एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे।

QUAD विदेश मंत्रियों की बैठक
मार्को रुबियो करेंगे मेजबानी
गुरुवार को अमेरिकी विदेश विभाग की ब्रीफिंग के दौरान, अमेरिकी विदेश विभाग के प्रधान उप प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने घोषणा की कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो 1 जुलाई को वाशिंगटन डीसी में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेंगे। पिगॉट ने कहा, अगले सप्ताह, सचिव रुबियो 1 जुलाई को वाशिंगटन डीसी में 2025 क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए ऑस्ट्रेलिया, भारत और जापान के विदेश मंत्रियों की मेजबानी करेंगे। रुबियो की पहली कूटनीतिक भागीदारी क्वाड के साथ थी, और अगले सप्ताह का शिखर सम्मेलन एक स्वतंत्र, खुले और सुरक्षित इंडो-पैसिफिक को आगे बढ़ाने के लिए उस गति को आगे बढ़ाता है। अमेरिकी नेतृत्व ऐसा ही दिखता है: ताकत, शांति और समृद्धि"।
2004 में हुआ गठन
क्वाड में भारत के अलावा अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान सदस्य हैं। यह एक प्रमुख समूह के रूप में उभरा है, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित कर रहा है। क्वाड का गठन दिसंबर 2004 के हिंद महासागर सुनामी के जवाब में हमारे सहयोग से हुई है।
