देश

Durgapur Gangrape Case: 'यह गैंगरेप नहीं, किसी एक शख्स ने...', पीड़िता के दोस्त की गिरफ्तारी के बाद क्या बोली बंगाल पुलिस?

Durgapur Gangrape Case: दुर्गापुर गैंगरेप मामले में पीड़िता के दोस्त वसीफ अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस मामले पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि 'बंगाल में जीरो टॉलरेंस है, हम यहां इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करते हैं।

Image

दुर्गापुर गैंगरेप केस में पुलिस ने अहम जानकारी दी।(फोटो सोर्स: ANI)

Photo : ANI

दुर्गापुर गैंगरेप मामले में पीड़िता के दोस्त वसीफ अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती बयान और 164 के बयान में विसंगतियों के आधार पर गिरफ्तारी की गई है।

इससे पहले इस मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अपू बाउरी, शेख फिरदौस और शेख रियाज़ुद्दीन और शेख नसीरुद्दीन की गिरफ्तारी हो चुकी है।

आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस आयुक्त सुनील कुमार चौधरी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "अब तक हमने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनकी उपस्थिति अपराध के दिन घटनास्थल पर स्थापित की गई है। हमने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है जो आरोपियों द्वारा छीना गया था।"

उन्होंने आगे कहा कि पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य और पीड़ित लड़की के बयान के अनुसार हमने पाया है कि किसी एक आरोपी ने ही पाड़िता के साथ रेप किया है। हालांकि, इन सभी 5 की संलिप्तता की जांच की जा रही है। पीड़ित लड़की का दोस्त जो पीओ में इन 5 आरोपियों के अलावा मौजूद था, उसकी भूमिका भी संदेह से परे नहीं है।

आरोपियों ने बेटी के छीने फोन: पीड़िता के पिता

पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की दोस्तों ने उन्हें रात करीब 9:30 बजे फोन किया। 23 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया जब वह अपने दोस्त के साथ बाहर गई थी। आरोपियों ने उसे शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि उन्होंने उसका मोबाइल फोन और उसके पास मौजूद ₹200 भी छीन लिए।

एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, 'मेडिकल कॉलेज में लगे सुरक्षा कैमरे की फुटेज में पीड़िता और उसका दोस्त शाम करीब 7.54 बजे कैंपस से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। छात्र रात करीब 8.42 बजे लौटा और इधर-उधर घूम रहा था। वह रात 8.48 बजे फिर से चला गया और करीब 9.30 बजे पीड़िता के साथ वापस लौटा।'

सीएम ममता बनर्जी ने क्या कहा?

इस मामले पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि 'बंगाल में जीरो टॉलरेंस है, हम यहां इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करते हैं और मैं बाहर से यहां पढ़ने आने वाले छात्रों से भी अनुरोध करती हूं कि वे रात में बाहर न जाएं। प्राइवेट कॉलेज का भी एक दायित्व है कि छात्रों का ध्यान रखें। घटना निंदनीय है लेकिन जो लोग हॉस्टल में रहते हैं, उनका एक सिस्टम होता है। मैंने पुलिस से सख्त कार्रवाई करने को कहा है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

क्या है मामला?

ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली MBBS द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ शुक्रवार देर शाम अस्पताल भवन के पीछे बलात्कार किया गया। वह रात करीब साढ़े आठ बजे अपनी एक दोस्त के साथ परिसर से बाहर निकली थी।

पुलिस ने जानकारी दी कि एक व्यक्ति उसे घसीटकर एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसके साथ बलात्कार हुआ। उसे तुरंत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिलहाल उसकी निगरानी की जा रही है। घटनास्थल से उसके बैग, जूते और कपड़े सहित निजी सामान बरामद किया गया है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article