देश

'मैं स्ट्रीट फाइटर हूं, AC एक्टिविस्ट नहीं...', जयराम रमेश के 'It happens' वाले बयान पर धर्मेंद्र प्रधान का पलटवार

केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद छोड़ने के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने पहली बार प्रतिक्रिया दी। संसद परिसर में कांग्रेस नेता जयराम रमेश की टिप्पणी पर उन्होंने कहा, "मैं स्ट्रीट फाइटर हूं, AC रूम एक्टिविस्ट नहीं।" इस बीच संसद में विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान धर्मेंद्र प्रधान के पहुंचने पर सत्ता पक्ष और विपक्षी सांसदों के बीच जमकर नारेबाजी भी हुई।

Image

जयराम रमेश की टिप्पणी पर धर्मेंद्र प्रधान का पलटवार। PTI

Photo : PTI

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने अपनी पहली प्रतिक्रिया सोमवार को दी। दरअसल, संसद परिसर में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के साथ हुई संक्षिप्त बातचीत के दौरान प्रधान ने खुद को "स्ट्रीट फाइटर" बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।

दरअसल, संसद परिसर में जयराम रमेश ने धर्मेंद्र प्रधान की ओर बढ़ते हुए कथित तौर पर सहानुभूति जताई और कहा, "It happens" (ऐसा होता है)। यह टिप्पणी हाल के राजनीतिक घटनाक्रम और प्रधान के भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं के संदर्भ में मानी जा रही है।

जयराम रमेश की टिप्पणी पर क्या बोले धर्मेंद्र प्रधान?

जयराम रमेश की टिप्पणी पर धर्मेंद्र प्रधान ने तुरंत जवाब देते हुए कहा, 'नथिंग हैपन्ड' इसके बाद प्रधान ने रमेश से कहा 'आई एम ए स्ट्रीट फाइटर. नॉट एन एसी रूम ऐक्टिविस्ट' यानी कुछ नहीं हुआ। मैं सड़क पर संघर्ष करने वाला नेता हूं, AC कमरे में बैठने वाला एक्टिविस्ट नहीं।"

अटकलें लगाई जा रही है कि उन्हें पार्टी संगठन में कोई जिम्मेदारी दी जा सकती है या आने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में वे पार्टी की कमान संभाल सकते हैं। 2022 में यूपी विधानसभा चुनाव में चुनाव प्रभारी रह चुके है।

जब विपक्षी सांसदों के सामने आए धर्मेंद्र प्रधान

वहीं, सोमवार को संसद परिसर में मकर द्वार पर विपक्ष नीट पेपर लीक और छात्रों के खिलाफ एक्शन को लेकर प्रदर्शन कर रहा था। विपक्षी सांसदों का नेतृत्व प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) कर रही थीं। तभी पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान संसद पहुंचते हैं, जिन्हें लेने के लिए सत्ता पक्ष के सांसद आगे बढ़ते हैं।

धर्मेंद्र प्रधान को देखते ही विपक्षी सांसद मकर द्वार से आगे बढ़कर सत्ता पक्ष की ओर आने लगते हैं। दोनों ओर से नारेबाजी होती है। ये देखते ही वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी एक लाइन बनाकर खड़े हो जाते हैं। बीजेपी सांसद धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद और जय श्रीराम के नारे लगा रहे होते हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article