Ranchi Student Protest: झारखंड में JPSC, JSSC-CGL और कई अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो (Devendra Mahato) का आमरण अनशन पांचवें दिन में प्रवेश कर गया। देवेंद्र से 'टाइम्स नाउ नवभारत' चैनल ने बातचीत की।
अनशनरत छात्र नेता देवेंद्र महतो (Devendra Mahato) ने सरकार को दो टूक संदेश देते हुए कहा, 'मेरा इतिहास रहा है कि मैं कभी आंदोलन से पीछे नहीं हटता। अगर सरकार हमारी जायज मांगों को नहीं मानती है, तो सफेद चादर यानी कफन में लिपटना भी मुझे स्वीकार है, उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों प्रतियोगी छात्रों के भविष्य की लड़ाई है। छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर बैठे हैं और सरकार से न्याय की उम्मीद कर रहे हैं।
देवेंद्र महतो ने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकला तो आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने दोहराया कि छात्रों की प्रमुख मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: क्या खत्म होगा झारखंड का छात्र आंदोलन? हेमंत सरकार से वार्ता के लिए छात्रों ने चुने 11 प्रतिनिधि, जानिए कौन-कौन हैं शामिल
देवेंद्र नाथ महतो रविवार 2 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। इससे पहले छात्रों का सत्याग्रह 25 जुलाई से जारी है।आंदोलनकारी JPSC, JSSC CGL सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों और पेपर लीक के आरोपों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
वांगचुक ने छात्र नेता देवेंद्र महतो से वीडियो कॉल पर बातचीत की
5 अगस्त यानी बुधवार को झारखंड में JPSC, JSSC CGL, और कई अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो कॉल पर बातचीत की। जंतर-मंतर पर 26 दिन तक अनशन करने वाले सोनम वांगचुक ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे महतो से उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली। वांगचुक ने देवेंद्र नाथ मगतो से पानी पीने की अपील की। वांगचुक के आग्रह पर महतो ने पानी पिया। हालांकि, उन्होंने अपना अनशन जारी रखने की बात कही है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: हेमंत सोरेन ने आंदोलनकारी छात्रों को बातचीत के लिए बुलाया CM आवास, अभ्यर्थियों ने रखी ये शर्त, समय भी मांगा
CID ने राज्य में बड़ी कार्रवाई की
वहीं इससे पहले झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और धांधली की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने राज्य में बड़ी कार्रवाई की है। सीआईडी की विशेष जांच टीम (SIT) ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से राज्य के पांच प्रमुख जिलों- रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद के कुल 18 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान परीक्षा में धांधली से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: 'झारखंड के प्रदर्शनकारी छात्रों को प्लीज करें सपोर्ट', राहुल गांधी बोले- ध्वस्त हो गया हमारा एजुकेशन सिस्टम
OMR शीट की कार्बन कॉपी, लैपटॉप और पासबुक बरामद
सीआईडी द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इन 18 ठिकानों पर की गई सघन तलाशी के दौरान भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री मिली है। जब्त की गई सामग्री की सूची:-
डिजिटल साक्ष्य: आरोपियों के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए गए हैं।
परीक्षा दस्तावेज: विभिन्न अभ्यर्थियों की OMR शीट की कार्बन कॉपी, एडमिट कार्ड और मार्कशीट जब्त की गई हैं।
वित्तीय रिकॉर्ड: संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच के लिए अलग-अलग बैंकों की चेकबुक और पासबुक भी सीआईडी ने अपने कब्जे में ले ली है।
