देश

उत्तर भारत में सर्दी का सितम जारी, दो दिन रहेगा घना कोहरा, जानिए देश भर का हाल

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Dec 29, 2023, 06:52 AM IST

Dense Fog in North India: आईएमडी ने दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए 31 दिसंबर तक देर और तड़के घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।

Image

उत्तर भारत में घना कोहरा

Photo : PTI

Dense Fog in North India: उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के बुलेटिन के अनुसार, अगले दो दिनों तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। ठंड की स्थिति बरकरार रहने के कारण नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी स्कूल शुक्रवार और शनिवार को बंद रहेंगे। आईएमडी ने दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए 31 दिसंबर तक देर और तड़के घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग की एडवाइजरी

मौसम विभाग ने एडवाइजरी में ड्राइवरों को फॉग लाइट का उपयोग करने और यात्रियों को एयरलाइंस, रेलवे और राज्य परिवहन के शेड्यूल के बारे में अपडेट रहने के लिए कहा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 30 और 31 दिसंबर को हल्की बारिश और/या बर्फबारी होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे उत्तरी मैदान में न्यूनतम तापमान 4 जनवरी तक गिरने की संभावना नहीं है, जब शीतलहर का पहला दौर आने की उम्मीद है।

दिल्ली में घना कोहरा

अगले पांच दिनों तक दिल्ली में न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। आईएमडी के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से एक डिग्री अधिक है, जबकि अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। दिल्ली में कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से रेलवे सेवाएं प्रभावित हुईं और शहर की ओर जाने वाली 22 ट्रेनें देरी से चलीं।

कोहरे में सड़क हादसे

उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के कारण हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और छह घायल हो गए। उन्नाव में दो लोगों की मौत हो गई जब उनकी मोटरसाइकिल एक खड़े ट्रक से टकरा गई। पुलिस को संदेह है कि दुर्घटना घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने के कारण हुई। मुजफ्फरनगर में मीरांपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात ट्रक से कुचलकर दो लोगों की मौत हो गई।

आज़मगढ़ में जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में एक कार के एक फंसे हुए पिकअप वैन से टकरा जाने से पांच लोग घायल हो गए। घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने के चलते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुरुवार को अपनी अयोध्या यात्रा रद्द करनी पड़ी। एक नए हवाई अड्डे और एक नए रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करने के लिए 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा से पहले उन्हें अयोध्या के लिए उड़ान भरनी थी।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article