दिल्ली सरकार ने ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए एक अहम फैसला लेते हुए राजधानी की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को सार्वजनिक परिवहन में राहत देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
सरकार के फैसले के मुताबिक अब दिल्ली में रहने वाले पात्र ट्रांसजेंडर व्यक्ति दिल्ली परिवहन निगम (DTC) और परिवहन विभाग द्वारा संचालित क्लस्टर बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे। यह सुविधा उसी व्यवस्था के तहत लागू होगी, जिस तरह वर्तमान में महिलाओं को दिल्ली की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को आर्थिक बाधाओं से राहत देना और उन्हें शहर में सुरक्षित व आसान यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे उनके लिए रोजगार, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच और अधिक सरल हो सकेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार एक ऐसे समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है जहां हर नागरिक को सम्मान और समान अवसर मिलें। उनके अनुसार यह फैसला सामाजिक न्याय को मजबूत करने और सभी वर्गों को समान सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
