देश

दिल्ली में पानी की किल्लत पर सुप्रीम कोर्ट पहुंची आप सरकार, इन तीन राज्यों को निर्देश देने की मांग

आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने दिल्ली को मिलने वाला यमुना नदी का पानी रोक दिया है। पूरा मामला समझिए।

Image

आप सरकार पहुंची सुप्रीम कोर्ट

Delhi Water Crisis: दिल्ली में पानी की समस्या को लेकर दिल्ली सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। दिल्ली को एक महीने के लिए हरियाणा, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराने के लिए याचिका दायर की गई है। याचिका में कहा गया है कि भीषण गर्मी में दिल्ली को पानी की जरूरत बढ़ गई है। देश की राजधानी की जरूरतों को पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं, पानी की किल्लत के मुद्दे पर आप मंत्री आतिशी ने केंद्रीय जल मंत्री को पत्र भी लिखा है।

दिल्ली सरकार ने कहा कि राजधानी की पानी की जरूरतों को पूरा करने की दिशा में काम करना सभी की जिम्मेदारी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी से आग्रह किया कि वह हरियाणा और उत्तर प्रदेश की अपनी-अपनी सरकारों से राष्ट्रीय राजधानी को एक महीने तक पानी उपलब्ध कराने के लिए कहे। राष्ट्रीय राजधानी भारी जल संकट से जूझ रही है और जल मंत्री आतिशी ने हरियाणा पर दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं देने का आरोप लगाया है।

आप का हरियाणा सरकार पर आरोप

दरअसल, आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने दिल्ली को मिलने वाला यमुना नदी का पानी रोक दिया है। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने इसे चुनावी साजिश बताते हुए कहा कि दिल्ली सरकार इस विषय पर हरियाणा सरकार को पत्र लिखेगी। उन्होंने कहा था कि जरूरत पड़ने पर सरकार इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी जाएगी। आम आदमी पार्टी का यह आरोप तब सामने आया है, जब बीते कुछ दिनों से दिल्ली के कई इलाकों से पानी की शिकायत आना शुरू हुई है।

आप सरकार की मंत्री आतिशी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से जगह-जगह से पानी की शिकायत आनी शुरू हुई, खास तौर पर ऐसे इलाकों से जहां पहले कभी पानी की शिकायत नहीं आती थी। जांच करने पर पता लगा कि यमुना का पानी हरियाणा सरकार द्वारा रोका जा रहा है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हरियाण की भाजपा सरकार द्वारा ऐसा जानबूझकर किया जा रहा है।

कितना घट गया यमुना का जलस्तर?

आतिशी ने बताया कि वजीराबाद में यमुना का स्तर सामान्य तौर पर 674 फीट होता है। अपने न्यूनतम स्तर पर यह 672 फीट तक चला जाता है। 11 मई से 21 मई तक लगातार हरियाणा ने धीरे-धीरे दिल्ली का पानी रोका। 11 मई को यमुना में पानी का स्तर 671.6 फीट पर था। तीन दिन तक 671.6 फीट पर बना रहा। 14 और 15 मई को यह 671.9 फीट पर रहा। 16 मई को घटकर 671.3 फीट पर आया। 17, 18, 19 मई को यह और नीचे आ गया। यहां पानी का जलस्तर 671 फीट पर आ गया। 21 मई को 671 फीट के भी नीचे आ गया। फिर यह 670.9 फीट पर रह गया। आतिशी का कहना है कि यह शायद पहली बार है जब दिल्ली के वजीराबाद में यमुना जल स्तर इतना कम हुआ है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article