देश

संजय सिंह आज होंगे तिहाड़ जेल से रिहा, पत्नी बोलीं- नहीं मनाएंगे जश्न, वकील ने कोर्ट से कहा- सांसद के भागने का खतरा नहीं

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 3, 2024, 12:02 PM IST

संजय सिंह को कल रूटीन चेकअप के लिए आईएलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उनके बेटे और मां आज सुबह संजय से मिलने पहुंचे।

Image

संजय सिंह

Photo : ANI

Sanjay Singh to be Released on bail: आप संसद संजय सिंह की आज शाम तक तिहाड़ जेल से रिहाई होगी। जमानत की शर्तें तय होने के बाद संजय सिंह की रिहाई शाम तक हो सकेगी। कोर्ट के आदेश के मुताबिक, संजय सिंह को 2 लाख का बेल बॉन्ड भरना होगा, जिसमें एक लाख पर्सनल बॉन्ड और एक लाख की स्योरिटी होगी। संजय के वकीलों ने राउज ऐवन्यू कोर्ट को संजय सिंह की जमानत के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बारे में बताया। वकील ने कहा कि संजय सिंह की जमानत बांड भरने के लिए जमानतदार संजय सिंह की पत्नी हैं।

वकील ने कहा, सांसद के भागने का खतरा नहीं

वकील ने कहा कि वह एक सांसद हूं, उनके भागने का खतरा भी नहीं है। वहीं, ईडी ने कहा कि हम केवल यह बताना चाहते हैं कि शर्त यह है कि वह दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति घोटाला मामले में अपनी भूमिका के बारे में प्रेस के साथ चर्चा नहीं कर सकते। अदालत ने संजय सिंह को अपना पासपोर्ट सरेंडर करने को कहा है।

ट्रायल कोर्ट द्वारा तय की गई जमानत की शर्तें

1) जांच अधिकारी को अपना मोबाइल नंबर उपलब्ध कराएंगे, जांच में सहयोग भी करेंगे।

2) जैसा कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा, शराब मामले में अपनी भूमिका के संबंध में कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।

3) संजय सिंह अगर एनसीआर छोड़ते है तो वह अपनी यात्रा के कार्यक्रम आईओ के साथ साझा करेंगे। वह अपनी लोकेशन शेयरिंग भी ऑन रखेंगे और आईओ के साथ साझा करेंगे।

पत्नी ने कहा, कोई जश्न नहीं मनाएंगे

संजय सिंह को कल रूटीन चेकअप के लिए आईएलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उनके बेटे और मां आज सुबह संजय से मिलने पहुंचे। संजय सिंह की पत्नी अनिता सिंह ने कहा कि कल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और तभी हमें पता चला कि उन्हें जमानत मिल गई है। आज उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। उसके बाद वह तिहाड़ जाएंगे। दोपहर 2-3 बजे तक रिहा कर दिया जाएगा। उसके बाद हम भगवान का शुक्रिया अदा करने के लिए मंदिर जाएंगे। मैं जमानत देने के लिए न्यायपालिका को भी धन्यवाद देती हूं और उम्मीद करती हूं कि मेरे बड़े भाई अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसौदिया और सत्येन्द्र जैन को भी जल्द ही जमानत मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि जब तक अन्य सभी लोग भी जेल से रिहा नहीं हो जाते, तब तक कोई जश्न नहीं मनाया जाएगा।

आप ने किया फैसले का स्वागत

मंगलवार को संजय सिंह को जमानत मिलने के बाद, आम आदमी पार्टी ने अदालत के फैसले का स्वागत किया और इसे सच्चाई और न्याय की जीत बताया। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी ने आप पर पलटवार करते हुए दावा किया कि जमानत आदेश ने केंद्रीय एजेंसियों द्वारा पार्टी पर बार-बार लगाए जा रहे राजनीतिक प्रतिशोध के आरोपों को उजागर कर दिया है। जस्टिस संजीव खन्ना की अगुवाई वाली पीठ ने उत्पाद शुल्क नीति में अनियमितताओं से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुनवाई के दौरान संजय सिंह को जमानत पर रिहा करने का निर्देश दिया।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!