Kunal Murder Case: दिल्ली के सीलमपुर इलाके में गुरुवार रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई थी। 17 वर्षीय किशोर कुणाल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। अब कुणाल हत्या केस में दिल्ली पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। दो आरोपियों की पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिली है। आशंका है कि क़त्ल में चार से पांच लोग शामिल थे। पुलिस की दस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इलाके में अर्धसैनिक बल तैनात
मृतक कुणाल अपने परिवार के साथ जे ब्लॉक, सीलमपुर में रहता था। वह गांधी नगर की एक कपड़े की दुकान में नौकरी करता था। गुरुवार शाम वह साढ़े सात बजे दूध लेने निकला था, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। पहले गाली-गलौज की और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। एक पड़ोसी ने परिवार को वारदात की जानकारी दी। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, कुणाल खून से लथपथ पड़ा था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव फैल गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इलाके में अर्धसैनिक बल तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस ने हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
