देश

'आंखों में जलन, गले में खराश...', दिल्ली में अब तक का सबसे खराब दमघोंटू मौसम! नोएडा का हाल भी बेहाल; AQI 461 पार

Delhi Pollution: राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को इस मौसम का सबसे उच्च वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) दर्ज किया गया और यह एक दिन पहले के 432 से बढ़कर 461 हो गया। इस बीच, रविवार को न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत से 0.4 डिग्री कम 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Image

दिल्ली-एनसीआर में सांसों का संकट (फोटो साभार: PTI)

Photo : PTI

Delhi Pollution: दिल्ली में रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 461 तक पहुंच गया और यह सर्दी में शहर का सबसे प्रदूषित दिन रहा तथा रिकॉर्ड में दिसंबर का दूसरा सबसे खराब वायु गुणवत्ता वाला दिन रहा। हवा की धीमी गति और कम तापमान के कारण प्रदूषक सतह के करीब ही फंसे रहे। वजीरपुर स्थित वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र ने दिन के दौरान अधिकतम संभव वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 500 दर्ज किया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) इसके बाद डेटा दर्ज नहीं करता है।

कहां कितना रहा AQI?

सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार, शाम चार बजे तक दिल्ली के 39 सक्रिय वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 38 में प्रदूषण का ‘गंभीर’ स्तर दर्ज हुआ, जबकि केवल शादीपुर में ही यह ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा। रोहिणी में भी दिन के दौरान एक्यूआई का स्तर 500 तक पहुंच गया, जबकि अशोक विहार, जहांगीरपुरी और मुंडका में एक्यूआई का स्तर 499 दर्ज किया गया। राजधानी में घना कोहरा छा गया और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) एक दिन पहले के 432 से बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। ऐसा अप्रैल 2015 में एक्यूआई निगरानी प्रणाली शुरू होने के बाद हुआ है।

महीने में प्रदूषण का उच्च स्तर केवल 21 दिसंबर 2017 को दर्ज किया गया था, जब औसत एक्यूआई 469 तक पहुंच गया था। हालांकि, सोमवार दोपहर के बाद हवा की गति बढ़ने की उम्मीद है, लेकिन पूर्वानुमानों से पता चलता है कि वायु गुणवत्ता में कोई भी सुधार धीरे-धीरे होगा।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने (CPCB) के मानकों के अनुसार, एक्यूआई 0 से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ माना जाता है।

शनिवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने प्रतिकूल मौसम की स्थिति के बीच प्रदूषण के स्तर में तेजी से वृद्धि होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में सभी निर्माण और विध्वंस गतिविधियों पर प्रतिबंध सहित अपने वायु प्रदूषण नियंत्रण योजना, 'चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना' (GRAP) के तहत सबसे सख्त उपाय (ग्रैप-4) लागू किए। दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने शनिवार को सभी स्कूलों को नौवीं और 11वीं की पढ़ाई ‘हाईब्रिड मोड’ पर कराने का निर्देश दिया। ग्रैप पर बनी उप-समिति ने शनिवार को पूरे एनसीआर में वायु गुणवत्ता की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए तत्काल प्रभाव से ग्रैप के तीसरे चरण को लागू करने का निर्णय लिया।

इस बीच, रविवार को न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत से 0.4 डिग्री कम 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शाम 5.30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 87 प्रतिशत थी। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए मध्यम कोहरे का पूर्वानुमान जताया है, जिसमें अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

'वाहनों की स्पीड लिमिट की कम'

गौतमबुद्ध नगर के पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ प्रवीण रंजन ने बताया कि कोहरे की संभावना के कारण जिले में विभिन्न राजमार्गों पर वाहनों की गति सीमा घटा दी गई है, और यह व्यवस्था सोमवार से लागू होगी। उन्होंने कहा, “15 दिसंबर रात 12 बजे से यमुना एक्सप्रेसवे पर हल्के वाहनों की गति सीमा 100 किलोमीटर से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है, जबकि भारी वाहनों के लिए यह 60 किलोमीटर प्रति घंटा की गई है। यह आदेश 15 फरवरी तक लागू रहेगा।”

उन्होंने बताया कि नोएडा एक्सप्रेसवे पर हल्के वाहनों के लिए गति सीमा 75 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 50 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। इसी तरह, एलिवेटेड मार्ग पर हल्के वाहनों की गति सीमा 50 और भारी वाहनों की 40 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।

'सांस लेने में हो रही दिक्कत'

दिल्ली के निवासियों ने रविवार को शहर की वायु गुणवत्ता 497 तक पहुंचने और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार 'गंभीर' श्रेणी में रहने के कारण बिगड़ती वायु गुणवत्ता पर गहरी चिंता व्यक्त की। स्थानीय लोगों ने प्रदूषण के स्तर के बिगड़ने के कारण सांस लेने में कठिनाई, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का अनुभव करने की सूचना दी। कई निवासियों ने बुजुर्गों और बच्चों सहित कमजोर समूहों के लिए भी चिंता व्यक्त की, जो श्वसन संबंधी समस्याओं के लिए अधिक संवेदनशील हैं।

राष्ट्रीय राजधानी में रातभर घनी धुंध छाई रही, जिससे लोगों को सांस लेने में कठिनाई हुई। सीपीसीबी के अनुसार, सुबह दिल्ली का एक्यूआई 459, नोएडा का 469 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 442 मापा गया। मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!