Atishi Marlena and Saurabh Bharadwaj oath as Delhi ministers: आम आदमी पार्टी (आप) के दों विधायकों - आतिशी (कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र से) और सौरभ भारद्वाज (ग्रेटर कैलाश निर्वाचन क्षेत्र से और दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष भी) - का कद और बढ़ गया है। गुरुवार (नौ मार्च, 2023) को ये दोनों मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार के मंत्री बन गए। उप-राज्यपाल वीके सक्सेना ने दोनों को सीएम की मौजूदगी में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नवनियुक्त मंत्री आतिशी को देश की राजधानी दिल्ली में शिक्षा, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), ऊर्जा और पर्यटन मंत्रालय का जिम्मा दिया गया है, जबकि भारद्वाज को स्वास्थ्य, जल के साथ उद्योग और शहरी विकास विभाग की कमान सौंपी गई है।
कौन हैं आतिशी?
आठ जून 1981 को दिल्ली में जन्मीं आतिशी सिंह (पुराना टाइटल/मिडिल नेम- मार्लेना, जो पैरेंट्स ने दिया था) पंजाबी-राजपूत परिवार से ताल्लुक रखती हैं। स्प्रिंगडेल्स स्कूल (पूरा रोड) से पढ़ीं आतिशी ने सेंट स्टीफंस कॉलेज (डीयू से 2001 में) से हिस्ट्री में ग्रैजुएशन किया था। वह इसके बाद ऑक्सफोर्ड चली गईं, जहां उन्होंने इतिहास में मास्टर्स किया। यह कोर्स उन्होंने चेवनिंग स्कॉलरशिप पर किया था। आगे वह रोड्स स्कॉलर के रूप में ऑक्सफोर्ड के मैगड्लेन कॉलेज भी पहुंचीं। आंध्र प्रदेश के एक स्कूल में कुछ समय तक पढ़ाने के बाद वह संभावना इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक पॉलिसी नाम की गैर सरकारी संस्था से जुड़ीं, जबकि 2013 में आप के नीति निर्माण में उन्होंने अपने सुझाव दिए थे।भारद्वाज को भी जानिए
आप के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभालने वाले भारद्वाज मूल रूप से दिल्ली से हैं। उन्होंने 2003 में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विवि के भारती विद्यापीठ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की थी। फिर 2011 में उन्होंने ओस्मानिया विवि से लॉ में बैचलर डिग्री हासिल की। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत Invensys नाम कंपनी से की थी, जबकि राजनीति में आने से पहले वह Johnson Controls India को भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां वह माइक्रोचिप्स और कोडिंग में एक्सपर्टीज रखते थे।
