देश

'जनता को स्वीकार नहीं यह नेतृत्व, बेहतर CM चाहते हैं लोग', बांकीपुर सीट जीतने के बाद बोले प्रशांत किशोर

एएनआई से बातचीत में PK ने कहा, 'बांकीपुर की जीत को बिहार की जनता द्वारा बीजेपी और एनडीए नेतृत्व को दिए गए संदेश के रूप में देखा जाना चाहिए। जनता कह रही है कि बिहार को बेहतर मुख्यमंत्री दीजिए और सत्ता में आने के समय जो वादे किए गए थे, उन पर ध्यान दीजिए।'

Image

जन सुराज पार्टी के मुखिया प्रशांत किशोर।

Photo : PTI

Prashant Kishor : उपचुनाव में बांकीपुर सीट जीतने के बाद जन सुराज पार्टी के मुखिया प्रशांत किशोर ने मंगलवार को कहा कि इस जीत को जनता द्वारा बीजेपी एवं एनडीए नेतृत्व को दिए गए संदेश के रूप में देखा जाना चाहिए। जनता कह रही है कि बिहार को बेहतर मुख्यमंत्री दीजिए और सत्ता में आने के समय जो वादे किए गए थे, उन पर ध्यान दीजिए। बिहार का फोकस शिक्षा, रोजगार और पलायन जैसे मुद्दों पर होना चाहिए। इस सीट पर उपचुनाव में पीके ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 मतों के अंतर से हराया।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, प्रशांत किशोर को 64,151 मत मिले जबकि भाजपा के नीरज कुमार को 44,827 मत प्राप्त हुए। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी 14,273 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

विकास के मुद्दे पर होना चाहिए सरकार को फोकस-पीके

समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में PK ने कहा, 'बांकीपुर की जीत को बिहार की जनता द्वारा बीजेपी और एनडीए नेतृत्व को दिए गए संदेश के रूप में देखा जाना चाहिए। जनता कह रही है कि बिहार को बेहतर मुख्यमंत्री दीजिए और सत्ता में आने के समय जो वादे किए गए थे, उन पर ध्यान दीजिए। बिहार का फोकस शिक्षा, रोजगार और पलायन जैसे मुद्दों पर होना चाहिए। बांकीपुर आज भी वैसा ही है जैसा पहले था। नवंबर के चुनाव में यहां की जनता ने बीजेपी को 51 हजार वोटों के बड़े अंतर से जिताया था। तब से न तो यहां की सड़कें खराब हुई हैं और न ही कोई ऐसा बड़ा घटनाक्रम हुआ है। इसके बावजूद अगर जनता ने इस बार बीजेपी को हरा दिया है, तो आखिर बदला क्या है?'

'बिहार की जनता को स्वीकार नहीं यह नेतृत्व'

उन्होंने कहा कि बदला सिर्फ इतना है कि बीजेपी ने बिहार में नया नेतृत्व सामने रखा है। यह नेतृत्व बिहार की जनता को स्वीकार नहीं है। क्योंकि उस व्यक्ति का व्यवहार, चरित्र और व्यक्तित्व बिहार के लोगों को सहज और स्वीकार्य नहीं लगता।

इस सीट से विधायक थे नितिन नवीन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को घोषित तीन विधानसभा सीटों के उपचुनाव परिणामों को स्वीकार करते हुए कहा कि पार्टी बिहार की बांकीपुर और मध्यप्रदेश की दतिया सीट पर नतीजों का 'गहन आत्ममंथन' करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के भरोसे को और मजबूत करने के लिए नए उत्साह के साथ लगातार काम करेगी। भाजपा को विधानसभा उपचुनावों में बांकीपुर (बिहार) और दतिया (मध्यप्रदेश) सीट पर हार का सामना करना पड़ा। बांकीपुर सीट नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी। नवीन ने विधायक पद से इस्तीफा देकर राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी संभाली थी, जिसके कारण बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article