उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सुबह-सुबह रिटायर ब्रिगेडियर वीके जोशी (Brigadier (Retd.) VK Joshi) की हत्या हो गई है। यह घटना देहरादून के के राजपुर पुलिस स्टेशन एरिया में हुई, जहां वे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना जोहड़ी गांव स्थित तुला अपार्टमेंट्स के पास हुई। बताया जा रहा है कि दो वाहनों में सवार लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते फायरिंग में बदल गया। इसी दौरान चली एक गोली ब्रिगेडियर वीके जोशी को लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दो गाड़ियों में सवार लोग चला रहे थे एक दूसरे पर गोली
घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह सुबह टहलने निकला था, तभी उसने अचानक गोलियों की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर वहां मौजूद लोगों ने बताया कि ब्रिगेडियर को गोली लगी है। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, दो गाड़ियों में सवार लोग एक-दूसरे पर गोली चला रहे थे और उसी दौरान यह दुखद हादसा हुआ।
पुलिस ने इलाके को घेरा
सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फायरिंग में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके।
दुर्भाग्यवश फायरिंग के चपेट में आए ब्रिगेडियर वीके जोशी
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि ब्रिगेडियर वीके जोशी का इस विवाद से कोई संबंध नहीं था और वे पूरी तरह निर्दोष राहगीर थे, जो दुर्भाग्यवश फायरिंग की चपेट में आ गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
