Rajnath Singh Review Meeting: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और देश के शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने मंगलवार को पाकिस्तान के साथ सीमा पर राष्ट्रीय सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा की। बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि बैठक में पश्चिमी सीमा पर सुरक्षा स्थिति और संबंधित मुद्दों की समीक्षा की गई।
भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर
पहलगाम हमले के बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान को दहला दिया था जिसके बाद उसकी गुहार पर दोनों देशों के बीच सीजफायर हुआ। भारत और पाकिस्तान ने चार दिनों तक सीमा पार ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद शनिवार को जमीन, हवा और समुद्र में किसी भी तरह के संघर्ष को तुरंत खत्म करने पर सहमति जताई थी। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने इसकी औपचारिक घोषणा की थी।
पाकिस्तान बैकफुट पर आया
22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने पर्यटकों से उनक धर्म पूछा और उन्हें मार डाला जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी। सांप्रदायिक हिंसा भड़काने का यह स्पष्ट प्रयास था। जवाब में भारत ने हमले के जिम्मेदार आतंकी ठिकानों को नष्ट करने के लिए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इसके तहत भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ढांचे को निशाना बनाया था।
