देश

राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले की अब क्यों टली सुनवाई? अब 17 नवंबर को होगी अगली सुनवाई

Rahul Gandhi Defamation Case: सुलतानपुर की सांसद-विधायक (एमपी-एमएलए कोर्ट) अदालत में मानहानि मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से संबंधित सुनवाई एक अधिवक्ता के निधन के कारण स्थगित हो गई और अब अगली सुनवाई 17 नवंबर को होगी। ​भाजपा नेता तथा हनुमानगंज निवासी विजय मिश्रा ने राहुल के खिलाफ चार अगस्त 2018 को मानहानि का मुकदमा दायर कराया था।

Image

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (फाइल फोटो)

Rahul Gandhi Defamation Case: सुलतानपुर की सांसद-विधायक (एमपी-एमएलए कोर्ट) अदालत में मानहानि मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से संबंधित सुनवाई एक अधिवक्ता के निधन के कारण स्थगित हो गई और अब अगली सुनवाई 17 नवंबर को होगी। एक वकील ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

गांधी के वकील काशी प्रसाद शुक्ला ने बताया कि एक अधिवक्ता के निधन के फलस्वरूप आज अदालत में शोक हो जाने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हो सकी तथा अब इस मामले की अगली सुनवाई 17 नवंबर को होगी।

क्या है पूरा मामला?

भाजपा नेता तथा हनुमानगंज निवासी विजय मिश्रा ने राहुल के खिलाफ चार अगस्त 2018 को मानहानि का मुकदमा दायर कराया था। इसमें आरोप लगाया गया था कि आठ मई 2018 को कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान बेंगलुरु में प्रेसवार्ता में राहुल गांधी ने भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मौजूदा केंद्रीय गृह मंत्री को हत्या का ‘‘आरोपी’’ कहा था।

शिकायतकर्ता ने गांधी की उस टिप्पणी का हवाला दिया जिसमें कहा गया था कि ईमानदार और स्वच्छ राजनीति में विश्वास करने का दावा करने वाली भाजपा के अध्यक्ष हत्या के एक मामले में ‘‘आरोपी’’ हैं। जब गांधी ने यह टिप्पणी की तब शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। हालांकि, राहुल गांधी की टिप्पणी से लगभग चार साल पहले ही मुंबई की एक विशेष सीबीआई अदालत ने 2005 के एक फर्जी मुठभेड़ के मामले में शाह को बरी कर दिया था।

राहुल के खिलाफ जारी हो चुका है वारंट

मानहानि मामले में इससे पूर्व पांच साल तक चली अदालती कार्रवाई के दौरान राहुल गांधी के पेश न होने पर, दिसंबर 2023 में अदालत ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया था। इसके बाद, फरवरी 2024 में राहुल गांधी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। विशेष न्यायाधीश ने उन्हें 25-25 हजार रुपये के दो मुचलकों पर जमानत दी।

राहुल गांधी ने 26 जुलाई 2024 को अदालत में अपना बयान दर्ज कराते हुए खुद को निर्दोष बताया था और इसे राजनीतिक साजिश करार दिया था। इसके बाद अदालत ने वादी को साक्ष्य प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। तब से लगातार गवाह पेश किए जा रहे हैं। अब तक केवल एक गवाह से जिरह पूरी हो सकी है, जबकि दूसरे गवाह से जिरह शुरू हुई है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article