Cyclone Storm Montha: इंडिया मेटियोरोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने सोमवार को कहा कि साइक्लोन 'मोंथा' (Cyclone Montha) 28 अक्टूबर की सुबह तक एक खतरनाक साइक्लोनिक तूफान में बदल सकता है। IMD ने सोमवार, 27 अक्टूबर के लिए आंध्र प्रदेश के कई तटीय जिलों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया है। अनुमान है कि मंगलवार देर रात तक यह तूफान और मजबूत होकर एक गंभीर साइक्लोनिक तूफान में बदल सकता है।
मौसम विभाग ने चक्रवात 'मोंथा' को लेकर जो जानकारी साझा की है, उसमें बताया गया कि तूफान मोंथा भयंकर चक्रवात बन सकता है। चक्रवात का केंद्र दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना हुआ है। चक्रवात करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात 'मोंथा' 27 अक्टूबर 2025 को एक्टिव है और 28 अक्टूबर तक यह तेज हो जाएगा।
किन राज्यों पर पड़ेगा असर?
बताया गया कि आंध्र प्रदेश,ओडिशा,तेलंगाना,छत्तीसगढ़,पश्चिम बंगाल,बिहार,झारखंड,सिक्किम, ये वो राज्य हैं, जहां अलर्ट जारी किया गया है।
कहां पहुंचेगा और कब?
28 अक्टूबर की रात या 29 अक्टूबर की सुबह यह काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से कलिंगपट्टनम (ओडिशा) के बीच तट से टकरा सकता है। तब इसकी हवा की गति 90–110 km/h तक हो सकती है। यानी यह भयंकर चक्रवात बन सकता है।
ऑरेंज अलर्ट जारी
आंध्र प्रदेश, ओडिशा और यानम के तटीय इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को समंदर में जाने से मना किया गया है। तट के पास बड़ी लहरें उठ सकती हैं।
बारिश के क्या हैं आसार?
1. आंध्र प्रदेश और यानम: 27-28 अक्टूबर को बहुत तेज बारिश (20 सेमी तक) होने के आसार हैं। 29-30 अक्टूबर को भी भारी बारिश जारी रह सकती है।
2. ओडिशा: 27 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 28-29 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश (कुछ जगह 20 सेमी से ज्यादा) होने के आसार हैं।
3. तेलंगाना: 27 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 28-29 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
4. छत्तीसगढ़: 27-28 अक्टूबर को बारिश हो सकती है। 29 अक्टूबर को भारी बारिश होने के आसार हैं।
5. पश्चिम बंगाल: 28-31 अक्टूबर के बीच बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश होगी।
6. बिहार, झारखंड, सिक्किम: इन तीन राज्यों में 29-31 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की संभावना है।
