Couple Suicide In Rewari: रेवाड़ी में डबल सुसाइड मामले में बड़ा खुलासा हुआ है बच्चे ना होने के चलते दंपति ने एक ही फंदे पर फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। शुक्रवार को दोनों के शव एक ही फंदे पर लटके मिले।
घटना स्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें उन्होंने अपने माता-पिता को शव सौंपने और भाई को सामान देने की इच्छा जताई थी। साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि उनका अंतिम संस्कार एक ही कफन में और एक ही चिता पर किया जाए। सुसाइड नोट पर दोनों के हस्ताक्षर भी मौजूद थे।
धारूहेड़ा पुलिस ने रविवार को दंपति का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों के शवों को एक सजी हुई शव-वाहिनी से श्मशान घाट ले जाया गया, जहां उनकी अंतिम इच्छा के अनुरूप दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया।
परिजनों के अनुसार, मध्य प्रदेश के सागर जिले के बरपानी गांव के रहने वाले राजकुमार (26) और उनकी पत्नी हाली (22) ने वर्ष 2020 में प्रेम विवाह किया था। करीब छह साल से विवाहित यह दंपति संतान न होने के कारण मानसिक रूप से काफी परेशान रहता था। उन्होंने कई डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन उन्हें संतान नहीं हुई। परिजनों ने बताया कि रोजगार की तलाश में राजकुमार और हाली रेवाड़ी के धारूहेड़ा में रहने लगे थे। राजकुमार गुरुग्राम के बिनौला स्थित एक कंपनी में कार्यरत था।
राजकुमार के भाई ने क्या-क्या बताया?
राजकुमार के भाई महेंद्र ने बताया कि शुक्रवार रात दोनों एक शादी की सालगिरह कार्यक्रम में शामिल हुए थे और करीब 1 बजे घर लौट आए थे। शनिवार सुबह राजकुमार ने परिवार के साथ नाश्ता किया और फिर अपने कमरे में चला गया। लगभग 10 बजे जब महेंद्र उन्हें बुलाने पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। खिड़की से झांकने पर उन्होंने देखा कि दोनों फंदे पर लटके हुए थे।
महेंद्र ने बताया कि राजकुमार की इंस्टाग्राम आईडी देखने पर पता चला कि रात को उसने एक स्टोरी पोस्ट की थी, जिसमें लिखा था भाइयों, सभी को आखिरी गुड नाइट। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।