Murder Case: राजस्थान के जालोर जिले में एक व्यक्ति की सोते समय कथित रूप से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई। बता दें कि यह व्यक्ति राजनीतिक कार्यकर्ता था और उसने कुछ साल पहले विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था।
क्या है पूरा मामला?
अतिरिक्त पुलिस उपाधीक्षक रामेश्वरलाल ने बताया कि सायला थाना क्षेत्र के बावतरा गांव में शुक्रवार रात विजयराज देवासी अपने घर में सो रहे था, उसी दौरान करीब दो बजे तीन-चार अज्ञात हमलावरों ने उनपर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और फिर वे भाग गए।
हत्या की जांच में जुटी पुलिस
उन्होंने बताया कि विजयराज को उनके परिजन घायल अवस्था में अस्पताल ले गये जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
धरने पर बैठे परिजन
विजयराज के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया और वे धरने पर बैठे हैं। पुलिस के अधिकारी उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं। विजयराज देवासी राजनीतिक कार्यकर्ता थे और उन्होंने 2013 का विधानसभा चुनाव सिवाणा सीट से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में लड़ा था।
कांग्रेस नेता ने जताया दुख
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत ने विजयराज देवासी की हत्या पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि जालोर के बावतरा में देर रात अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर कांग्रेस कार्यकर्ता विजयराज देवासी की हत्या कर दी। यह दिखाता है कि अपराधियों में पुलिस व कानून का खौफ नहीं है। जालोर पुलिस मामले पर जल्द कार्रवाई व अपराधियों को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार के साथ न्याय सुनिश्चित करे।
