देश

क्या 2024 चुनाव से पहले कांग्रेस और सपा में ठन जाएगी? अखिलेश बार-बार दे रहे हैं 'संकेत'

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 28, 2023, 04:00 PM IST

Congress vs Samajwadi Party: समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच क्या सबकुछ ठीक है? विपक्षी गठबंधन INDIA में शामिल ये दोनों दलों की अहमियत काफी अधिक है। सबसे ज्यादा लोकसभा सीट वाले उत्तर प्रदेश में सपा मुख्य विपक्षी पार्टी है, ऐसे में अगर वो कांग्रेस के खिलाफ ही मोर्चा खोल देगी तो कितनी मुसीबत हो सकती है, आपको समझाते हैं।

Image

कांग्रेस के खिलाफ समाजवादी पार्टी खोलेगी मोर्चा?

Election News: लोकसभा चुनाव से पहले पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है। इसमें मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान का चुनाव बेहद अहम है। विपक्षी गठबंधन में शामिल दलों ने बार-बार ये दिखाने की कोशिश की है कि वे एकजुट हैं। मगर इसमें कितनी सच्चाई है, वो आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के रुख से समझा जा सकता है। आप और कांग्रेस, टीएसी और कांग्रेस के बीच मनमुटाव खुल कर सामने आ ही रहे थे कि अब सपा भी कांग्रेस को हेकड़ी दिखाने का मूड बनाती नजर आ रही है।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के खिलाफ लड़ेंगे उसके अपने

आम आदमी पार्टी ने तो पहले ही मन बना लिया है कि वो एमपी में पूरी ताकत के साथ अकेले चुनाव लड़ेगी। मतलब साफ है कि चुनावी जंग में कांग्रेस और आप के बीच आमने-सामने की टक्कर देखने को मिलेगी। अखिलेश यादव भी मध्य प्रदेश में एक्टिव हो चुके हैं। सपा उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में भी खुद को मजबूत करने की कोशिश कर रही है, जिससे आगामी लोकसभा चुनाव में उसका पलड़ा भारी हो जाए। मतलब ये कि गठबंधन में शामिल कांग्रेस के अपने ही उसके खिलाफ मोर्चेा खोलने को पूरी तरह तैयार हैं।

अखिलेश यादव का बढ़ रहा है मध्य प्रदेश में इंट्रेस्ट

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश में महिलाओं के साथ हो रहे 'अन्याय' के लिए भाजपा सरकार की आलोचना की और 12 साल की लड़की से बलात्कार की घटना को कल्पना से परे बताया। अखिलेश यादव ने कहा, 'भाजपा के लगभग 20 वर्षों तक मध्य प्रदेश में और 10 वर्षों तक केंद्र में सत्ता में रहने के बावजूद, देश में महिलाओं के खिलाफ अन्याय और अत्याचार के सबसे अधिक मामले मध्य प्रदेश में हैं। यह समाजवादी पार्टी का नहीं बल्कि एनसीआरबी (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो) का आंकड़ा है।' उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री बुधवार को रीवा जिले के सिरमौर में अपनी पार्टी के उम्मीदवार लक्ष्मण तिवारी के पक्ष में एक रैली में हिस्सा लेने के लिए यहां पहुंचे। मध्य प्रदेश में कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है।

एमपी पहुंचे सपा अध्यक्ष ने सरकार पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने खजुराहो में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि क्या कोई सोच सकता है कि जिस राज्य में 1.2 करोड़ महिलाएं ‘लाड़ली बहना’ योजना से जुड़ी हों, वहां 12 साल की बच्ची के साथ (उज्जैन बलात्कार कांड) ऐसी स्थिति हो। मप्र के उज्जैन शहर में 12 साल की एक बच्ची बलात्कार के बाद सड़क पर खून से लथपथ पाई गई थी। उसका बुधवार को विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम ने ऑपरेशन किया और उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर है। नाबालिग के साथ हुई इस घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

महिलाओं के आरक्षण के मुद्दे पर क्या बोले अखिलेश यादव?

प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को कहा कि मप्र सरकार ने उज्जैन की इस घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है और एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि मप्र में 20 साल और केंद्र में दस साल तक भाजपा में सत्ता में रहने के बावजूद प्रदेश में महिलाओं के बीच असुरक्षा का माहौल है। महिलाओं के लिए लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण विधेयक) के पारित होने का जिक्र करते हुए यादव ने कहा कि कोई नहीं जानता कि यह कब लागू होगा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर भाजपा इसे लेकर गंभीर है तो पार्टी को आगामी विधानसभा चुनावों में 33 प्रतिशत महिलाओं को मैदान में उतारना चाहिए लेकिन भाजपा द्वारा अब तक घोषित सूचियां उस प्रावधान को प्रतिबिंबित नहीं करतीं।

INDIA गठबंधन को लेकर अखिलेश ने दिया ये जवाब

अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी इन चुनावों में 20 प्रतिशत सीटों पर महिलाओं को मैदान में उतारने पर विचार करेगी। विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के बारे में पूछे गए एक सवाल के उत्तर में यादव ने कहा कि सपा इसका हिस्सा है लेकिन वह उन राज्यों में चुनाव लड़ेगी जहां वह मजबूत है और भाजपा को आगे बढ़ने से रोकने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की रणनीति पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के कल्याण के लिए काम करता है और अगर पार्टी इस रणनीति पर काम करना जारी रखती है तो यह मध्यप्रदेश में एक बड़ा बदलाव देखेगी। यादव ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी के उम्मीदवार लंबे समय से मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जीत रहे हैं और राज्य में उनकी मजबूत उपस्थिति है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article