पीएम मोदी की प्रस्तावित इजराइल यात्रा को लेकर कांग्रेस ने पीएम मोदी और भाजपा सरकार पर कटाक्ष किया है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा सबसे पहले मोदी की यात्रा की जानकारी सार्वजनिक किए जाने के बाद कांग्रेस केंद्र सरकार पर हमलावर हो गई। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत को अपनी ही सरकार की कार्रवाइयों के बारे में विदेशी नेताओं से जानकारी मिल रही है।
कांग्रेस ने बोला हमला
इसी को लेकर कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने केंद्र पर हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को रोकने की खबर सबसे पहले भारत को अमेरिकी विदेश मंत्री से मिली। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की खबर भी सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति से मिली। भारत को प्रधानमंत्री मोदी की इजरायल यात्रा की तारीखों के बारे में सबसे पहले नेतन्याहू से पता चला है, जिन्होंने गाजा को मलबे और धूल में बदल दिया है और अब कब्जे वाले वेस्ट बैंक में और अधिक फिलिस्तीनियों को बेदखल और विस्थापित कर रहे हैं।'
नेतन्याहू ने दी थी जानकारी
इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने रविवार को प्रमुख अमेरिकी यहूदी संगठनों के अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए सबसे पहले मोदी की यात्रा की खबर दी। नेतन्याहू ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि संसद में भाषण तैयार है। अगले सप्ताह यहां कौन आ रहा है? नरेंद्र मोदी।'
25 से 26 फरवरी के बीच संभावित है पीएम मोदी की यात्रा
यरूशलम स्थित सूत्रों के अनुसार,पीएम मोदी की इजराइल यात्रा 25 से 26 फरवरी के बीच संभावित है और कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के इजराइल की संसद (क्नेसेट) को संबोधित करने और द्विपक्षीय व क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि पीएम मोदी की इजराइल यात्रा का प्रभाव गहरा होगा क्योंकि मोदी न केवल इजरायल में बल्कि दुनिया भर में लोकप्रिय हैं।
पीएम मोदी की दूसरी यात्रा होगी
यह प्रधानमंत्री मोदी की इजराइल की दूसरी यात्रा होगी। इससे पहले उन्होंने जुलाई 2017 में ऐतिहासिक दौरा किया था,जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली इजराइल यात्रा थी।
