देश

असम में शाह: कांग्रेस ने 15 साल में हर साल 150 करोड़ रुपये अपनी जेब में डाले; संसद परिसर में चाय-पकौड़ा खाने के लिए राहुल को घेरा

शाह ने कहा, दस साल पहले असम की स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था बदहाल थी क्योंकि कांग्रेस केवल अपने नेताओं के परिवारों की आर्थिक सेहत को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही थी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करने के उनके प्रयास में देश को बदनाम करने के उनके कृत्यों का कोई भी भारतीय समर्थन नहीं करता।

Image

अमित शाह का राहुल पर निशाना

Photo : PTI

Amit Shah in Assam: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने असम में 15 वर्ष के अपने शासनकाल के दौरान राज्य के स्वास्थ्य सेवा बजट से प्रति वर्ष 150 करोड़ रुपये अपनी जेब में डाल लिए। असम में 2,092 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य सेवा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों के लिए सस्ती स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए काम करती है और उन्होंने राज्य की चिकित्सा सुविधाओं को गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों के बराबर लाने के लिए मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा की प्रशंसा की।

शाह का राहुल गांधी पर निशाना

शाह ने कहा, दस साल पहले असम की स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था बदहाल थी क्योंकि कांग्रेस केवल अपने नेताओं के परिवारों की आर्थिक सेहत को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही थी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करने के उनके प्रयास में देश को बदनाम करने के उनके कृत्यों का कोई भी भारतीय समर्थन नहीं करता। उन्होंने नई दिल्ली में हाल में हुए एआई शिखर सम्मेलन में कांग्रेस के शर्ट उताकर विरोध प्रदर्शन करने और संसद भवन की सीढ़ियों पर चाय-पकौड़ा खाने के लिए राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की।

राहुल गांधी संसद परिसर में चाय-पकौड़ा खा रहे थे

उन्होंने कहा, हम भी विपक्ष में थे और हमने भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए थे, लेकिन इसके लिए एक सही मंच होता है। संसद लोकतंत्र की पवित्र जगह है। इसकी सीढ़ियों का इस्तेमाल धरने के लिए भी नहीं किया जाना चाहिए और राहुल गांधी वहां चाय-पकौड़ा खा रहे थे। क्या उन्हें पता नहीं कि नाश्ता कहां करना चाहिए? शाह ने यहां 675 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) का परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उद्घाटन किया। उन्होंने असम कैंसर केयर फाउंडेशन के तहत गोलाघाट और तिनसुकिया में निर्मित कैंसर केंद्रों का भी ऑनलाइन तरीके से उद्घाटन किया। इनमें से प्रत्येक केंद्र का निर्माण 135 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।

उन्होंने दीफू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (220 करोड़ रुपए), जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (310 करोड़ रुपए) और बारपेटा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (284 करोड़ रुपए) में सुपर-स्पेशियलिटी अस्पतालों की ऑनलाइन माध्यम से आधारशिला रखी। शाह ने गुवाहाटी में 218 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्वास्थ्य भवन और 115 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अभयपुरी जिला अस्पताल की भी आधारशिला रखी। शाह असम के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार शाम को यहां पहुंचे थे। पूर्वोत्तर राज्य का चार महीने में उनका यह चौथा दौरा है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article