Meenakshi Natrajan : मीनाक्षी नटराजन की राज्यसभा उम्मीदवारी रद्द हो जाने के बाद कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। नटराजन की उम्मीदवारी रद्द किए जाने पर कांग्रेस बेहद नाराज है और इसे चुनाव आयोग तक लेकर गई है। केसी वेणुगोपाल, सचिन पायलट, जयराम रमेश, भूपेश बघेल सहित कांग्रेस के दिग्गज नेता चुनाव आयोग के कार्यालय पहुंचे लेकिन वहां ताला लगा हुआ मिला। कांग्रेस नेताओं ने गेट खुलवाने की कोशिश की लेकिन वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने गेट खोलने से मना कर दिया। इसके बाद कांग्रेस नेता वहीं धरने पर बैठ गए। वहीं, भारत निर्वाचन आयोग ने कल दोपहर 12 बजे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए मिलने का समय देने का निर्णय लिया है।
उम्मीदवारी रद्द किए जाने का विरोध करते हुए कांग्रेस ने मंगलवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। पीसी में मीनाक्षी नटराजन, जीतू पटवारी, उमंग सिंगार, हरीश चौधरी और दिग्विजय सिंह मौजूद थे।
यह सीट चोरी-जीतू पटवारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे सीट की डकैती बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने इतिहास और सभ्यता को कलंकित किया है। कानूनी रूप से इसे रिजेक्ट नहीं किया गया है, ये राजनैतिक धृष्टता है। कांग्रेस के वकील अजय गुप्ता ने कहा कि ये आदेश असंवैधानिक है। नामांकन एक आधार पर रिजेक्ट किया गया है कि हैदराबाद की न्यायलय से नोटिस जारी हुआ था जिसका उन्होंने फॉर्म में उल्लेख नहीं किया, हमने उन्हें लिखकर दिया था कि ये आपराधिक प्रकरण नहीं है। ये कानूनी रूप से सूचना पत्र है लेकिन रिटर्निंग अफसर ने इसका उल्लेख नहीं किया।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'यह लोकतंत्र का बुनियादी मामला है। जब तक हमें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाती, हम यहीं बैठे रहेंगे। हम बहुत जिम्मेदार लोग हैं। यहां पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व उपमुख्यमंत्री और सांसद मौजूद हैं।'
'नटराजन के खिलाफ न तो FIR, न चार्जशीट'
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, 'हमारी उम्मीदवार (मीनाक्षी नटराजन) के खिलाफ न तो कोई एफआईआर है और न ही कोई चार्जशीट। इसके बावजूद उनकी उम्मीदवारी बिना किसी कारण के खारिज कर दी गई। हम यहां आए, लेकिन हमें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। हमने दो घंटे पहले लिखित रूप में सूचना दी थी। जिस सीट पर हमारी जीत तय थी, उसी सीट पर हमारे उम्मीदवार का नामांकन रद्द कर दिया गया। यहां कोई हमसे मिलने को तैयार नहीं है। कहा जा रहा है कि चुनाव आयोग में कोई अधिकारी मौजूद नहीं है।'
मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी बोले- हम चुनाव आयोग से भी लड़ेंगे
मध्य प्रदेश AICC प्रभारी हरीश चौधरी ने मध्य प्रदेश कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने पर कहा कि चुनाव आयोग के माध्यम से आज 'वोट चोरी' के बाद 'सीट चोरी' का क्रम मध्य प्रदेश में शुरू किया गया। हमें देश को बचाना है,देश के संविधान को बचाना है, लोकतंत्र को बचाना है... हर दिशा में लड़ाई लड़नी है। देश को बचाने के लिए, कांग्रेस का कार्यकर्ता और देश का हर वो नागरिक जो संविधान में विश्वास करता है,ये लड़ाई लड़ेगा।हम न्यायपालिका में भी लड़ेंगे और चुनाव आयोग के समक्ष भी लड़ेंगे।
आरओ ने रद्द किया नामांकन
यह पहली बार है कि केवल एक नोटिस के आधार पर किसी राज्यसभा उम्मीदवार का नामांकन रद्द किया गया है। उनके खिलाफ न कोई मामला दर्ज है और न ही कोई एफआईआर। यहां रिटर्निंग ऑफिसर ने कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नटराजन पर आपराधिक जानकारी छिपाने का आरोप लगाया था और उनके नामंकन फॉर्म पर आपत्ति जताई थी।
