देश

'अब हम जंतर-मंतर पर देंगे धरना', कांग्रेस सांसदों के लंच के बाद राहुल बोले- मैं चाहता हूं मेरे खिलाफ 100 FIR हों

गलवार को इंडिया गठबंधन ने संसद परिसर से चुनाव आयोग के दफ्तर जाने के लिए मार्च निकाला था लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें नीति आयोग के पास रोक लिया। इसके बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के कुछ नेता एवं कार्यकर्ता आकाशवाणी भवन में दाखिल हो गए।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी

Photo : ANI

Congress lunch: कांग्रेस सांसद लंच पर कनॉट प्लेस स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में जुटे हैं। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस सांसद यहां बस से चुनाव आयोग (ECI) मुख्यालय की तरफ कूच कर सकते हैं। लंच पर राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, कार्ति चिदंबरम, पवन खेड़ा और कपिल सिब्बल सहित विपक्ष के कई सांसद पहुंचे हैं। मंगलवार को इंडिया गठबंधन ने संसद परिसर से चुनाव आयोग के दफ्तर जाने के लिए मार्च निकाला था लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें नीति आयोग के पास रोक लिया। इसके बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के कुछ नेता एवं कार्यकर्ता आकाशवाणी भवन में दाखिल हो गए। रेस्टोरेंट के बाहर पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।

'अब हम जंतर-मंतर पर देंगे धरना'

कांग्रेस सांसदों के लंच के बाद राहुल गांधी ने भविष्य की रणनीति पर खुलकर बात की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब हम जंतर-मंतर पर धरना देंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि उन पर 45 एफआईआर दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा, ''कल मैंने कहा कि लगभग 300 सांसद चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं। वो हमसे मिले नहीं। दिल्ली पुलिस ने हमें रोका और कहा कि आप यहां प्रोटेस्ट नहीं कर सकते हैं। हमारी सोच है कि हम जंतर-मंतर पर जाकर बैठें।''

राहुल गांधी ने आगे कहा कि ज्ञानेश कुमार चुनाव आयुक्त नहीं, बल्कि देशद्रोही हैं। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा। मेरे ऊपर 45 एफआईआर हैं और मैं चाहता हूं कि मेरे ऊपर 100 एफआईआर दर्ज हों।

'ज्ञानेश कुमार के खिलाफ करेंगे प्रदर्शन'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि INDIA गठबंधन के सभी साथी आज जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती, हम प्रदर्शन करते रहेंगे। चुनाव आयोग जो भी कर रहा है, उसके पीछे नरेंद्र मोदी हैं। मतलब मोदी खुद लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए हम सभी पार्टी के लोग मिलकर देश के लोगों को बताना चाहते हैं कि उनका अधिकार छीना जा रहा है।जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हमारे ऊपर कितने भी केस कर दिए जाएं, हम डरने और रुकने वाले नहीं हैं।

बस से चुनाव आयोग की तरफ जा सकते हैं कांग्रेस नेता

कनॉट प्लेट दिल्ली के व्यस्तम इलाकों में से एक है। यहां बड़ी संख्या में लोग काम करते हैं। भीड़-भाड़ वाले इलाके को देखते हुए यहां पुलिस बल की बड़ी संख्या में तैनाती की गई है। सूत्रों का कहना है कि लंच के बाद कांग्रेस सांसद चुनाव आयोग मुख्यालय की तरफ जाने की कोशिश कर सकते हैं। इलाके में किसी तरह की अराजक स्थिति न बने इसके लिए दिल्ली पुलिस ने खास तैयारी की है।

राहुल-प्रियंका पर FIR दर्ज

इंडिया गठबंधन के मार्च के दौरान मंगलवार आकाशवाणी भवन में जबरन घुसने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया। राहुल-प्रियंका सहित तमाम सांसद, कार्यकर्ता आकाशवाणी भवन में जबरन घुस गए थे। इस मामले में दिल्ली पुलिस को बीती राज शिकायत मिली थी जिस पर दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है।

हिरासत में लिए गए लोगों में लगभग 50 सांसद शामिल

राष्ट्रीय राजधानी में निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च करने से रोके जाने के बाद आकाशवाणी भवन परिसर के भीतर आठ घंटे से अधिक समय तक चले धरने के बाद मंगलवार रात दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत लगभग 250 लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में लगभग 50 सांसद शामिल थे। हिरासत में लिए गए लोगों को किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइंस ले जाया जा रहा है। जैसे ही प्रदर्शनकारी सांसदों से आकाशवाणी परिसर को खाली कराया गया, पुलिस ने के. सी. वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, के. सुरेश, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और इमरान प्रतापगढ़ी सहित कांग्रेस सांसदों और नेताओं के साथ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जबरन हटा दिया।

करीब 8 घंटे तक दिया धरना

इससे पहले निर्वाचन आयोग कार्यालय की ओर मार्च करने से रोके जाने के बाद गांधी संसद मार्ग स्थित आकाशवाणी परिसर में दाखिल हुए और वहीं धरने पर बैठ गए। विपक्षी सांसद निर्वाचन आयोग के कामकाज और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट के मद्देनजर "वोट चोरी" को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। गांधी ने करीब आठ घंटे तक आकाशवाणी परिसर में धरना दिया।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article