Parliament Session: वंदे मातरम की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमवार को लोकसभा में होने वाली चर्चा में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की तरफ से पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और सदन में पार्टी के उप नेता गौरव गोगोई समेत आठ वक्ता भाग ले सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी, गोगोई, दीपेंद्र हुड्डा, विमल अकोइजम, प्रनीति शिंदे, प्रशांत पडोले, चमाला रेड्डी और ज्योत्सना महंत वक्ता हो सकते हैं।
वंदे मातरम पर चर्चा की शुरुआत करेंगे PM मोदी
वंदे मातरम के 150 साल पूरा होने के मौके पर सोमवार को लोकसभा में विशेष चर्चा होगी, जिसके लिए 10 घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक के.सुरेश ने पिछले दिनों कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वंदे मातरम पर विशेष चर्चा की शुरुआत करेंगे।
राज्यसभा में कब होगी चर्चा?
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पीएम मोदी 8 दिसबंर को लोकसभा में वंदे मातरम पर विशेष चर्चा की शुरुआत करेंगे, जबकि गृह मंत्री अमित शाह 9 दिसंबर को राज्यसभा में चर्चा शुरू करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई अन्य मंत्री भी दिन भर चलने वाली इस बहस में हिस्सा लेंगे।
