भारत के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होना है, लेकिन उससे पहले ही आज कई उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इन्हीं उम्मीदवारों में तेलंगाने से कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गये।
16 मार्च को 10 राज्यों की 37 सीटों पर चुनाव
16 मार्च को तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढञ, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की रिक्त हुई सीटों पर चुनाव होना है। वहीं, इन सीटों पर नामांकन दाखिल करने का आज आखिरी दिन था। ऐसे में जब तेलंगाना की सीटों पर इन नेताओं के अलावा किसी ने पर्चा नहीं भरा तो नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद चुनाव अधिकारी ने दोनों नेताओं के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। हालांकि, एक निर्दलीय उम्मीदवार ने भी नामांकन दाखिल किया था,लेकिन नामांकन पत्रों की जांच के दौरान उसे खारिज कर दिया गया। उम्मीदवार का नाम प्रस्तावित करने के लिए दस विधायकों की आवश्यकता होती है।
रेवंत रेड्डी के सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं नरेंद्र रेड्डी
प्रदेश के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के करीबी सहयोगी नरेंद्र रेड्डी ने राज्यसभा चुनाव में उन्हें उम्मीदवार नामित करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य का आभार व्यक्त किया। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने अपनी उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए एआईएमआईएम और भाकपा को भी धन्यवाद दिया। नरेंद्र रेड्डी दिसंबर 2023 में मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद से रेवंत रेड्डी के सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। नरेंद्र रेड्डी, रेवंत रेड्डी के सहयोगी रहे हैं। दोनों पहले तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) में साथ काम करते थे,इसके बाद दोनों कांग्रेस में शामिल हो गए।
सिंघवी और नरेंद्र रेड्डी ने पांच मार्च को तेलंगाना विधानसभा में नामांकन पत्र दाखिल किया था। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता सिंघवी को डेढ़ साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद तेलंगाना से राज्यसभा के लिये दोबारा चुना गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
