Congress In-Charge: कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने संगठन में फेरबदल करते हुए राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश, संजय दत्त को हरियाणा और लालजी देसाई को ओडिशा का प्रभारी नियुक्त किया। इसके साथ ही, भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. को कांग्रेस के अग्रिम संगठन सेवा दल का मुख्य संगठक नियुक्त किया गया है।
अविनाश पांडे की जगह लेंगे राजेंद्र पाल गौतम
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन नियुक्तियों को स्वीकृति प्रदान की। राजेंद्र पाल गौतम को अविनाश पांडे के स्थान पर उत्तर प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब तक वह कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के प्रमुख की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव संभावित है। हाल ही में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त हुए बीके हरिप्रसाद को हरियाणा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया। हरिप्रसाद के स्थान पर हरियाणा के प्रभारी बनाए गए संजय दत्त अब तक पार्टी के राष्ट्रीय सचिव की भूमिका निभा रहे थे। अजय कुमार लल्लू को ओडिशा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। श्रीनिवास को लालजी देसाई के स्थान पर सेवा दल का प्रमुख बनाया गया है।
कांग्रेस ने दिल्ली में 509 मंडल अध्यक्ष नियुक्त किए
कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी की सभी 70 विधानसभा सीट पर 509 मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति की। इन कदम का मकसद पार्टी के बूथ-स्तरीय नेटवर्क को मजबूत करना है। कांग्रेस ने वर्ष 2022 में ब्लॉक और बूथ के बीच में मंडल इकाई बनाने का फैसला किया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'हर मोर्चे पर आपके साथ...', राहुल गांधी के नेता प्रतिपक्ष के तौर पर दो साल पूरे; बोले- आपके लिए हर लड़ाई लड़ता रहूंगा
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (DPCC) के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने एक बयान में कहा कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी और इनका उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को 'मजबूत और ऊर्जावान' बनाना है। बयान में कहा गया है कि नवनियुक्त पदाधिकारियों को कांग्रेस की विचारधारा और संगठनात्मक सिद्धांतों के अनुरूप काम करने, अपने-अपने मंडल क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाए रखने और समय-समय पर पार्टी द्वारा जारी कार्यक्रमों एवं अभियानों को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
