Pran Pratishtha of Ram Darbar : अयोध्या में श्री राम मंदिर में गुरुवार को विधि विधान एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम संपन्न हुआ। करीब एक घंटे तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। हालांकि, राम दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा विशिष्ट मुहूर्त में संपन्न हुई। मंदिर के प्रथम तल पर भगवान राम का दरबार सजा है। इस दरबार में भगवान राम, सीता, हनुमान, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की मूर्ति लगी है।
5 जून सीएम योगी का जन्मदिन भी
पांच जून सीएम योगी का जन्मदिन है। अपने जन्मदिन के मौके पर यूपी के सीएम ने भगवान राम का आशीर्वाद लिया। अयोध्या में सरयू नदी के त्रयोदशी जन्मोत्सव की भी धूम है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह सुबह 11 बजे से शुरू हुआ। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, हवन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देव विग्रहों की स्थापना हुई। अयोध्या के संत-महंत इस आयोजन को ऐतिहासिक बता रहे हैं।
नदी तट पर विशेष आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
संत समुदाय का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर निर्माण और अयोध्या के विकास के माध्यम से रामनगरी का खोया हुआ गौरव लौटाया है। पिछले आठ वर्षों में अयोध्या में 32 हजार करोड़ से अधिक विकास परियोजनाओं ने शहर को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दी है। सड़क, रेल, हवाई अड्डा, सौंदर्यीकरण, और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं ने अयोध्या को विश्व नक्शे पर चमकदार बनाया है। रामकथा पार्क, सरयू तट का सौंदर्यीकरण, और आधुनिक सुविधाओं से युक्त मंदिर परिसर इसकी बानगी हैं। सरयू त्रयोदशी जन्मोत्सव के अवसर पर नदी तट पर विशेष आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
सुरक्षा-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
प्रशासन ने इस भव्य आयोजन के लिए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने अयोध्या पहुंच रहे हैं। आञ्जनेय सेवा संस्थान के अध्यक्ष पांच जून को एक बार फिर से राजा राम को प्रतिष्ठित करेंगे। तब वशिष्ठ जी ने राजतिलक किया था और अब योगी महाराज प्रभु राम का तिलक करेंगे।
आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से मंदिर की निगरानी
महंत मिथिलेश नंदिनी शरण ने कहा कि मुख्यमंत्री राजा राम समेत अन्य देवों को प्रतिष्ठित करने आ रहे हैं। यह बहुत ही हर्ष का विषय है। खुशी की बात है कि एक संन्यासी ने प्रदेश के आध्यात्मिक मूल्यों को समझा और ऊर्जावान बना दिया। मंदिर परिसर में समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। एक छोटा पंडाल भी सजाया गया है। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे व मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव ने मंदिर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। एसपी सुरक्षा ने बताया कि मंदिर की सुरक्षा अभेद्य है। आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से मंदिर की निगरानी की जा रही है। एटीएस, सीआपीएफ, पीएसी समेत सिविल पुलिस के जवानों की टीम तैनात कर दी गई है।
