Times Now Navbharat News Ki Pathshala: टाइम्स नेटवर्क के प्रमुख हिंदी न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत ने अपने लोकप्रिय शो 'न्यूज की पाठशाला' को नए अंदाज और नई प्रस्तुति के साथ फिर से लॉन्च किया है। यह शो केवल सुर्खियों तक सीमित न रहकर दर्शकों की जिंदगी पर असर डालने वाली खबरों को सामने लाएगा। मृदुल शर्मा इस शो के नए एंकर हैं। इसका प्रसारण प्रतिदिन रात 8:45 बजे किया जा रहा है। शो के नए संस्करण में पुराने फॉर्मेट की पहचान को बरकरार रखते हुए अधिक गतिशील प्रस्तुति और प्रभावशाली पत्रकारिता का मेल मिलेगा।
स्टिंग ऑपरेशन से हुई शुरुआत
टाइम्स नाउ नवभारत के इस खास कार्यक्रम की शुरुआत चैनल की इन्वेस्टिगेटिव टीम के एक स्टिंग ऑपरेशन से हुई। 'मिर्ची सेठ्स' नाम के इस स्टिंग ऑपरेशन में दिल्ली में रोजमर्रा के इस्तेमाल होने वाले मसालों में कथित मिलावट के नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया। स्टिंगऑपरेशन में सामने आया कि कुछ कारोबारी अधिक मुनाफा कमाने के लिए मिर्च, हल्दी, धनिया और गरम मसाले जैसे आम इस्तेमाल के मसालों में मिलावट कर उन्हें बाजार में सप्लाई कर रहे हैं।
रोजमर्रा के जरूरी मसालों में मिलावट करने के तरीकों का हुआ खुलासा
इस दौरान कैमरे में कैद हुए दुकानदारों ने रोजमर्रा के इन जरूरी मसालों में मिलावट करने के तरीकों के बारे में बताया। स्टिंग ऑपरेशन में खुलासा हुआ कि मिर्च पाउडर का रंग अधिक लाल दिखाने के लिए उसमें कृत्रिम रंग भी मिलाए जाते हैं। वहीं,धनिया पाउडर में लकड़ी का बुरादा मिलाने और बारीक पिसे चावल में पीला रंग मिलाकर उसे हल्दी के रूप में बेचने की बात सामने आई।
स्टिंग ऑपरेशन में यह भी सामने आया कि कथित तौर पर मसालों में मिलावट की मात्रा उनकी कीमत के हिसाब से अलग-अलग होती है। स्टिंग ऑपरेशन में मिर्च पाउडर को महज 200 रुपये प्रति किलो की दर से बेचे जाने की बात सामने आई, जबकि थोक बाजार में इसकी कीमत 280 रुपये प्रति किलो बताई गई।
खबरों से आगे जाकर सवाल पूछेगा नया शो
टाइम्स नाउ नवभारत के कार्यक्रम न्यूज की पाठशाला के नए फॉर्मेट का मकसद केवल सुर्खियां दिखाना नहीं, बल्कि खबरों के पीछे की पूरी कहानी सामने लाना है। इसमें पारंपरिक तरीके से बैठकर या खड़े होकर खबरें पढ़ने की शैली से हटकर तेज रफ्तार और गतिशील प्रस्तुति अपनाई गई है। इसमें लगातार बदलते विजुअल्स, तथ्य, ग्राफिक्स और अन्य दिलचस्प तत्व शामिल किए गए हैं, ताकि दर्शकों की दिलचस्पी बनी रहे और वे कार्यक्रम से जुड़े रहें।
'न्यूज की पाठशाला' की नई प्रस्तुति 'न्यूज + व्यूज विद नेशनलिज्म' की सोच पर आधारित है। इसके तहत उन मुद्दों को उठाया जाएगा, जिनका आम लोगों की जिंदगी पर सीधा असर पड़ता है। साथ ही, जिम्मेदार लोगों से सवाल पूछने और जवाबदेही तय करने पर भी जोर रहेगा।
