विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। बुधवार (13 दिसंबर, 2023) को उन्होंने सूबे के सीएम पद की शथप ली। सूबे की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में इस दौरान उनके साथ दो डिप्टी-सीएम ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली।
नई कैबिनेट में किसे शामिल किया जाएगा और क्या राज्य में दो उप मुख्यमंत्री होंगे, इन अटकलों के बीच साव ने कहा, ‘‘शपथ लेने वाले नेताओं की संख्या के बारे में समय आने पर जानकारी मिल जाएगी।’’ वैसे, भाजपा के सूत्रों ने बताया कि नई मंत्रिमंडल में नये और पुराने नेताओं का मिश्रण हो सकता है।
नियम के मुताबिक, छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 13 मंत्री हो सकते हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की कुल 90 विधानसभा सीट में से 54 सीट जीतीं। 2018 में 68 सीट जीतने वाली कांग्रेस इस बार 35 सीट पर सिमट गई है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एक सीट जीतने में कामयाब रही।
दरअसल, भाजपा ने रविवार (10 दिसंबर, 2023) को पूर्व केंद्रीय मंत्री और छत्तीसगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके आदिवासी नेता साय (59) को नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना। साय राज्य के सरगुजा संभाग की कुनकुरी सीट से विधायक चुने गए हैं। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने के बाद उन पर भरोसा जताने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के अन्य नेताओं को धन्यवाद दिया।
विधायक दल की बैठक के बाद साय ने मीडिया से कहा था कि उनकी पार्टी के घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करना उनकी सरकार की प्राथमिकता होगी। बकौल साय, ''मुख्यमंत्री के रूप में मैं पार्टी के चुनाव पूर्व वादों को पूरा करने की कोशिश करूंगा, जो सरकार के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी थी।''
साय ने कहा, ''पांच वर्षों में (भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में), प्रधानमंत्री आवास योजना के 18 लाख लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित थे। इन लाभार्थियों के लिए 18 लाख घरों को मंजूरी देना राज्य में पहला काम होगा।''
उन्होंने कहा, ''25 दिसंबर को, छत्तीसगढ़ राज्य के संस्थापक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर, दो वर्षों के लिए धान खरीद का बोनस, जो पिछली भाजपा सरकार (2013-2018) के दौरान लंबित था, किसानों को दिया जाएगा।'' साय ने कहा, ''मोदी जी की सभी गारंटी, हमारे चुनावी वादे अगले पांच साल में पूरे हो जाएंगे।''
साय से पहले कौन-कौन रहा है सीएम?
- कांग्रेस के अजीत जोगी 2000 से 2003 तक (2000 में छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद )
- भाजपा के रमन सिंह - 2003 से 2018 तक
- कांग्रेस के भूपेश बघेल - 2018 से 2023 तक
- अब बीजेपी के विष्णुदेव साय।
