देश

Chhath 2025: छठ महापर्व की अद्भुत छटा, अस्ताचलगामी सूर्य देव को दिया गया अर्घ्य अब उदीयमान सूर्य देव का इंतजार

Chhath Puja 2025: देश के विभिन्न हिस्सों में लोक आस्था का त्योहार छठ महापर्व पूरी आस्था और विश्वास के साथ मनाया गया। इस मौके पर छठ घाटों पर बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं।

Image

लोक आस्था का त्योहार छठ महापर्व (फोटो: canva)

Chhath Puja 2025: लोक आस्था का त्योहार छठ महापर्व (Chhath 2025) पूरी आस्था और परंपरा के साथ मनाया जा रहा है। देश के तमाम हिस्सों में छठ की धूम है। बात बिहार की करें तो यहां राज्य में छठ महापर्व को लेकर छठ घाटों पर बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं। चार दिवसीय इस महापर्व के तीसरे दिन सोमवार को बड़ी संख्या में छठ व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए गंगा तट सहित विभिन्न तालाबों और जलाशयों तक पहुंचे। इस बीच, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री आवास में, जबकि उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने पैतृक आवास तारापुर में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

मुख्यमंत्री आवास एक अन्ने मार्ग पर सीएम नीतीश कुमार ने परिवार के सदस्यों के साथ छठ पूजा की। भगवान भास्कर को अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई। उन्होंने यहां भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और आराधना की। इस मौके पर उनके परिजनों के अलावा कई अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Chhath Puja Bihar

Chhath Puja Bihar

उधर, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर में अपने परिजनों के बीच अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और बिहार के विकास, उन्नति एवं संपन्नता की कामना की। पटना के विभिन्न छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ा है।

घाटों पर व्रती पहुंचे और भगवान भास्कर की आराधना की

पटना नगर निगम क्षेत्र में गंगा किनारे के लगभग 102 घाट तथा करीब 45 पार्क एवं 63 तालाबों को छठव्रतियों के अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है। सभी घाटों पर व्रती पहुंचे और भगवान भास्कर की आराधना की। गंगा तट पर बने छठ घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। इन सभी स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

पटना की सड़कें रंग-बिरंगी दूधिया रोशनी और आकर्षक तोरण-द्वारों से सजी

पटना की सभी सड़कें रंग-बिरंगी दूधिया रोशनी और आकर्षक तोरण-द्वारों से सजी हुई हैं। रविवार की शाम को व्रतियों ने खरना किया और लोग खरना का प्रसाद पाने के लिए देर रात तक व्रतियों के घर पहुंचते रहे। खरना के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास प्रारंभ हो गया। पर्व के चौथे और अंतिम दिन यानी मंगलवार को उदीयमान सूर्य के अर्घ्य देने के बाद ही श्रद्धालुओं का व्रत समाप्त हो जाएगा। इसके बाद व्रती फिर अन्न-जल ग्रहण कर 'पारण' करेंगे।

झारखंड में डूबते सूर्य को अर्घ्य देने घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम रविवार को पूरे झारखंड में देखने को मिली। राज्य के सभी जिलों में छठव्रती परिवारों के साथ पारंपरिक रीति से व्रत और पूजा-अर्चना में लीन दिखे। शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए लाखों छठव्रती घाटों की ओर उमड़े। नदियों से लेकर जलाशयों तक आस्था का नयनाभिराम दृश्य दिखाई दिया। राज्य के राजमहल और साहिबगंज में गंगा तटों पर व्रतियों की भारी भीड़ उमड़ी।

बोकारो और रामगढ़ के दामोदर तटों, रांची और जमशेदपुर के स्वर्ण रेखा नदी किनारे, पलामू की सोन नदी, कोडरमा के तिलैया डैम, चतरा की मोहाने नदी, दुमका के मसानजोर डैम, तथा हजारीबाग की झील और छड़वा डैम पर छठव्रतियों ने परंपरागत गीतों और लोकधुनों के बीच संध्या अर्घ्य अर्पित किया। राजधानी रांची में धुर्वा, कांके और रुक्का डैम के साथ-साथ बड़ा तालाब और हटनिया तालाब पर विशेष सजावट की गई थी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में कहा, 'लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा की सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। छठ का हर अनुष्ठान हमें सिखाता है कि जीवन में उगते सूर्य के प्रति कृतज्ञता और अस्त होते प्रकाश के प्रति धैर्य सच्ची साधना और समर्पण का मार्ग है। जय छठी मैया! जय भगवान भास्कर!' राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, 'भगवान भास्कर और छठी मैया की कृपा सभी छठव्रतियों एवं भक्तों पर बनी रहे। सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का प्रकाश सदैव बना रहे।'

नोएडा में 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत भारतीय सेनाओं का सम्मान

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी के साथ पूरे नोएडा में छठ पर्व की रौनक दिखाई दे रही है। इस बार सेक्टर-71 स्थित श्री सहयोग छठ पूजा समिति ने आस्था के साथ देशभक्ति का अनोखा संगम प्रस्तुत किया है। समिति ने घाट पर 'ऑपरेशन सिंदूर' अभियान के तहत भारतीय सेनाओं के पराक्रम और बलिदान को नमन करते हुए एक विशेष बैनर लगाया है।समिति के सदस्यों का कहना है कि छठ सिर्फ धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि एकता, त्याग और देशभक्ति का भी प्रतीक है। छठ पर्व के सुचारू आयोजन के लिए नोएडा पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बताया गया कि नोएडा जोन में कुल 17 प्रमुख घाटों और जिलेभर में 40 से अधिक स्थलों पर छठ पूजा का आयोजन होगा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने 500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। इसके अलावा, महिला पुलिसकर्मी, गोताखोर, ड्रोन निगरानी और सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।

नोएडा सेक्टर-21ए रामलीला ग्राउंड में शहर का सबसे बड़ा छठ उत्सव

नोएडा डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि सबसे अधिक भीड़ कालिंदी कुंज घाट पर होने की संभावना है, जहां करीब एक लाख श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे। यहां अतिरिक्त पुलिस बल, एनडीआरएफ की नावें और एंबुलेंस सेवाएं तैनात की गई हैं। सेक्टर-21ए रामलीला ग्राउंड में शहर का सबसे बड़ा छठ उत्सव मनाया जा रहा है, जहां विशेष जलकुंड तैयार किया गया है। यहां कथक नृत्यांगना अनु सिन्हा और भोजपुरी गायिका अनन्या सिंह अपने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। इसके अलावा सेक्टर-75 महादेव अपार्टमेंट सोसाइटी में स्थायी पक्के घाट पर पूजा आयोजित होगी, जबकि सेक्टर-31 शहीद भगत सिंह पार्क में पूर्वांचल मित्र मंडल समिति द्वारा भव्य आयोजन किया जा रहा है।

चार दिनों तक चलने वाले नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के साथ यह महापर्व श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति की मिसाल बनने जा रहा है। नोएडा प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस या प्रशासन से तुरंत संपर्क करें।

राष्ट्रपति मुर्मू ने छठ पूजा समारोह में हिस्सा लिया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में छठ पूजा समारोह में हिस्सा लिया, जहां श्रद्धालुओं ने सोमवार को डूबते सूरज को अर्घ्य दिया।राष्ट्रपति कार्यालय ने 'एक्स' पर इस समारोह की तस्वीरें पोस्ट कीं। उसने कहा कि इस मौके पर राष्ट्रपति ने साथी नागरिकों की खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।छठ पूजा सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित चार दिवसीय त्योहार है, जो मंगलवार को संपन्न होगा।राष्ट्रपति कार्यालय ने पोस्ट किया, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में छठ पूजा समारोह में हिस्सा लिया, जहां श्रद्धालुओं ने डूबते सूरज को अर्घ्य दिया। राष्ट्रपति ने साथी नागरिकों की खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।'

'दिल्ली में इस साल छठ की छटा ही अलग है...'

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार शाम को छठ महापर्व में शामिल हुईं और कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय राजधानी में त्योहार की भव्यता और वैभव पहले से अलग है।गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद योगेंद्र चंदोलिया के साथ मंगलोपुरी में एक छठ घाट का दौरा किया।दिल्ली के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा, 'इस समय मनाया जा रहा छठ पर्व का वैभव, भव्यता और दिव्यता दिल्लीवासियों को राहत प्रदान कर रही है। मैं छठी मैया से दिल्ली की समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना करती हूं।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना किनारे कई वर्षों के बाद यह त्योहार मनाया जा रहा है। दिल्ली की पिछली सरकार के दौरान सूर्य देव को अर्घ्य देने सहित छठ पूजा पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दिल्ली में बसे पूर्वांचली समुदाय द्वारा त्योहार मनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।एक अनुमान के मुताबिक दिल्ली की आबादी में पूर्वांचलियों (पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के लोगों के लिए संयुक्त संबोधन) की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत हैं और मतदाताओं के सबसे बड़े वर्गों में से एक हैं।

दिल्ली सरकार ने यमुना तट पर पल्ला से कालिंदीकुंज तक 17 स्थानों पर घाट तैयार किए हैं, इसके अलावा शहर के उद्यानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर 1,500 अस्थायी घाट भी बनाए हैं। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा सहित कई भाजपा नेताओं ने भी छठ पूजा में शामिल हुए।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article