देश

चंद सेकेंड्स... और बह गया पूरा पुल, चमोली में बारिश का खौफनाक मंजर, VIDEO देखकर दहल जाएंगे!

चमोली जिले में भारी बारिश के चलते मलारी के आगे तमाक नाले में पानी का तेज बहाव बढ़ गया, जिससे वहां बना पुल क्षतिग्रस्त होकर बह गया। पुल टूटने से सड़क पर यातायात बाधित हो गया है। राहत की बात है कि घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस, प्रशासन के साथ SDRF और NDRF की टीमें मौके पर भेजी गई हैं।

Image

चमोली में बारिश का कहर, तमाक नाले पर बना पुल क्षतिग्रस्त; यातायात बाधित। AI IMAGE

Chamoli Tamak Nala Bridge Damaged: चमोली जिले में भारी बारिश के बीच मलारी के आगे तमाक नाले में पानी भर जाने से उस पर बना पुल क्षतिग्रस्त हो गया। नीती घाटी में भारी बारिश के बाद नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिसके चलते तेज बहाव में एक विशाल लोहे का पुल देखते ही देखते बह गया। घटना का खौफनाक वीडियो सामने आया है, जिसमें भारी मात्रा में पानी और मलबा पुल से टकराता दिखाई दे रहा है। तेज धार के सामने पुल कुछ ही सेकंड में उखड़कर नदी की ओर बह गया। पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद इस रोड पर यातायात बाधित हो गया है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि नदी में पानी का बहाव बेहद तेज है। इसी दौरान पानी और मलबे की जोरदार टक्कर से पुल हिलने लगता है और देखते ही देखते अपनी जगह से उखड़कर नदी के किनारे जा गिरता है। घटना के दौरान नदी के किनारे सड़क पर मौजूद एक ट्रक और SUV को भी समय रहते वहां से हटते देखा गया।

पुल बह जाने के बाद नीती घाटी का मुख्य कस्बे से संपर्क कट गया है। प्रशासन ने लोगों से इस इलाके में यात्रा नहीं करने की अपील की है और हालात सामान्य होने तक यात्राएं टालने की सलाह दी है। नदी और नालों के किनारे रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा गया है, क्योंकि भारी बारिश के बीच जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है।

एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंची

चमोली पुलिस के मुताबिक, फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर भेजी गई हैं। इसके अलावा एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं। नाले में पानी का बहाव बढ़ने के कारण क्षेत्र में आवाजाही प्रभावित हुई है। लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

उत्तराखंड आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने जानकारी दी कि राज्य में रविवार रात से लगातार बारिश हो रही है। उन्होंने बताया कि बारिश का दौर आगे भी जारी रहने की संभावना है और प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को सतर्क कर रहा है।

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में 12 और 13 अगस्त को कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अलर्ट है। आईएमडी ने देहरादून, हरिद्वार, बागेश्वर, नैनीताल और अन्य जिलों के लिए अगले 24 घंटों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जहां भारी बारिश और बहुत तेज़ बारिश होने की आशंका है। साथ ही, खासकर पहाड़ी इलाकों के लिए भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' भी जारी किया गया है। अगले दो दिनों में छह या सात जिलों में भारी बारिश का खतरा है। कमोबेश ऐसा ही मौसम हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के अधिकांश में बने रहने की संभावना है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article