देश

'भाषण के एक हिस्से को चुनकर गलत मतलब निकाया गया', सरकार ने राजनाथ सिंह के वायरल वीडियो पर दी सफाई; कही ये बात

Operation Sindoor: सरकार ने कहा कि कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में जुलाई 2025 में संसद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भाषण को "गलत तरीके से पेश" करने की कोशिश की गई।

Image

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (फाइल फोटो)

Operation Sindoor: सरकार ने शनिवार को कहा कि कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में जुलाई 2025 में संसद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भाषण को "गलत तरीके से पेश" करने की कोशिश की गई और उनके भाषण के एक हिस्से को "चुनिंदा" तौर पर उद्धृत करके यह "गलत मतलब" निकाला गया कि उन्होंने दावा किया था कि "ऑपरेशन सिंदूर के दौरान किसी भी भारतीय सैनिक की जान नहीं गई"।

क्या है पूरा मामला?

रक्षा मंत्रालय ने कहा, "ये बातें जानबूझकर गुमराह करने वाली और तथ्यों के लिहाज से गलत हैं"। मंत्रालय ने कहा कि मंत्री की टिप्पणी उस "खास और शरारतपूर्ण विमर्श" के संदर्भ में थी, जिसमें कहा गया था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने अपने पायलट खो दिए थे।

रक्षा मंत्रालय का यह बयान कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के उस आरोप के बाद आया है, जिसमें उन्होंने सरकार पर 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान छह सैन्यकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को ''छिपाने'' का आरोप लगाया था।

'एक्स' पर एक पोस्ट में, उन्होंने रक्षा मंत्री का संसद में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर बयान देते हुए एक वीडियो भी साझा किया और दावा किया कि या तो मंत्री को उस समय छह सैनिकों की "शहादत" के बारे में पता नहीं था या उन्होंने "संसद को गुमराह करने का फैसला किया"।

रक्षा मंत्रालय ने दी सफाई

रक्षा मंत्रालय ने बिना किसी का नाम लिए अपने बयान में कहा कि "सोशल मीडिया मंचों पर कुछ पोस्ट" में पिछले साल 28 जुलाई को संसद में रक्षा मंत्री के दिए गए भाषण को "गलत तरीके से पेश" करने की कोशिश की गई है। इसमें कहा गया कि "उन्होंने भाषण के एक अलग-थलग हिस्से को चुनकर गलत तरीके से यह दिखाने की कोशिश की कि रक्षा मंत्री ने दावा किया था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान किसी भी भारतीय सैनिक की जान नहीं गई।"

बयान में कहा गया कि जिन लोगों ने रक्षा मंत्री के संसदीय भाषण से "विवाद खड़ा करने" की कोशिश की है, उन्होंने ऐसा "जानबूझकर उनकी बातों के पूरे संदर्भ को नज़रअंदाज़ करके" किया है।

मंत्रालय के अनुसार, "यह याद रखना जरूरी है कि रक्षा मंत्री के भाषण के समय, मीडिया के कुछ वर्गों और सोशल मीडिया पर एक बेहद प्रचलित और प्रभावी धारणा फैली हुई थी, जिसमें दावा किया गया था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय पायलट लापता हो गए थे।"

इसने कहा, "यह धारणा पूरी तरह से झूठी थी, फिर भी इसे ऑपरेशन की सफलता को कम करने और जनता का मनोबल गिराने के स्पष्ट इरादे से आक्रामक रूप से फैलाया जा रहा था।" मंत्रालय ने कहा कि रक्षा मंत्री ने इसी "खास और शरारती विमर्श" के संदर्भ में यह बयान दिया था। बयान में कहा गया, "इसलिए, उनकी बातें उस झूठ का एक लक्षित और संदर्भ-विशेष जवाब थीं, जो उस समय खतरनाक रूप से फैल रहा था।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article