पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से मिली रिपोर्ट के आधार पर CBI ने पंजाब के मुख्यमंत्री के OSD और उसके साथियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए FIR दर्ज की है।आरोप है कि आरोपी पैसे के बदले अधिकारियों, जिसमें IAS और IPS अधिकारी भी शामिल हैं, की पोस्टिंग और विभागीय कार्रवाई को प्रभावित करते थे।
इसके अलावा नीति बनाने, प्रशासनिक मंजूरी, टेंडर की शर्तें, लाइसेंस, जमीन के इस्तेमाल में बदलाव (Land Use Conversion), संपत्ति विवाद और राजस्व व जमीन से जुड़े मामलों में भी दखल देने के आरोप हैं।
CBI के मुताबिक, आरोपी सरकारी कर्मचारियों पर यह भी आरोप है कि वे सरकार की ओर से आदेश और नीतियां जारी होने से पहले उनके ड्राफ्ट निजी लोगों को उपलब्ध कराते थे।इस मामले में CBI ने पंजाब के मुख्यमंत्री के OSD राजबीर घुमन, नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर, आर.एस. नागरा और अज्ञात सरकारी अधिकारियों व निजी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
CBI की चंडीगढ़, गुरदासपुर, लुधियाना और जालंधर में 8 जगहों पर छापेमारी
FIR में दो सरकारी कर्मचारियों के अलावा बिचौलियों और अन्य सहयोगियों को भी आरोपी बनाया गया है। FIR दर्ज करने के बाद CBI ने चंडीगढ़, मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और जालंधर में कुल 8 जगहों पर एक साथ छापेमारी की।इस दौरान आरोपियों से जुड़े ठिकानों से लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं। CBI इन सामानों की जांच कर रही है ताकि रिश्वतखोरी और अनियमितताओं से जुड़े सबूत जुटाए जा सकें, मामले में आगे की जांच जारी है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: Punjab News: चुनाव से पहले पंजाब को सीमापार से दहलाने की साजिश, भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद
'CBI की रेड बीजेपी कि बौखलाहट का नतीजा'
वहीं इस मामले पर दिल्ली के पूर्व सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा- चुनाव से दो महीने पहले पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय पे CBI की रेड बीजेपी कि बौखलाहट का नतीजा है। जब से सेंटर में बीजेपी की सरकार आई है उसने पंजाबियों के साथ हमेशा ही धक्का किया है चाहे किसान आंदोलन हो, पंजाब के पानी का मुद्दा हो, पंजाब यूनिवर्सिटी का मुद्दा हो। और अब तो उनके चुने हुए मुख्यमंत्री के साथ भी धक्का कर रही। बीजेपी चुनाव लड़के पंजाब में जीत नहीं सकती तो ED-CBI के सहारे चुनाव लड़ना चाहती है। लेकिन पंजाबियों ने अपना मन बना लिया है और बीजेपी के CBI रेड का जवाब आने वाले चुनाव ने भगवंत मान को 100+ सीटों से जीता कर दोबारा मुख्यंत्री बना कर देंगे।
