देश

नक्काशीदार लकड़ी का झूला, पश्मीना शॉल और कश्मीर का केसर; मोदी-नाहयान की मुलाकात की इनसाइड स्टोरी

बीते कुछ वर्षों में भारत और यूएई के रिश्ते लगातार और मजबूत हुए हैं। दोनों देशों ने ऊर्जा, व्यापार, निवेश, रक्षा और तकनीक समेत कई क्षेत्रों में सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वर्ष 2019 में यूएई द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ जायद’ से सम्मानित किया जा चुका है, जो दोनों देशों के घनिष्ठ संबंधों का प्रतीक है।

पीएम मोदी और यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान।

पीएम मोदी और यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान। फोटो- ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूएई राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की हालिया मुलाकात ने भारत-यूएई संबंधों को नई मजबूती दी। दो दिन पहले भारत दौरे पर आए यूएई राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पर पीएम मोदी से भेंट की। इस दौरान पीएम मोदी ने राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और उनके परिवार का गर्मजोशी से स्वागत किया। इतना ही नहीं, पीएम मोदी ने उन्हें भारत की सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े खास उपहार भेंट किए। वहीं, यूएई राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के भारत आने पर पीएम मोदी खुद उन्हें रिसीव करने गए थे। साथ ही उन्हें अपना भाई बताया था।

गुजरात का नक्काशीदार लकड़ी का झूला

प्रधानमंत्री ने शेख मोहम्मद बिन जायद को गुजरात की पारंपरिक शाही शैली में निर्मित एक नक्काशीदार लकड़ी का झूला भेंट किया। इस झूले को कुशल कारीगरों ने हाथ से तराशा है, जिसमें फूलों की आकृतियां और पारंपरिक डिज़ाइन उकेरे गए हैं। यह झूला गुजरात के कई घरों की शोभा बढ़ाता है।खास बात यह है कि यूएई ने वर्ष 2026 को ‘ईयर ऑफ फैमिली’ घोषित किया है, ऐसे में यह उपहार पारिवारिक मूल्यों के सम्मान का संदेश भी देता है।

कश्मीर की प्रसिद्ध पश्मीना शॉल और चांदी का डिब्बा भी किया भेंट

इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई राष्ट्रपति को कश्मीर की प्रसिद्ध पश्मीना शॉल भेंट की, जिसे एक सुसज्जित चांदी के डिब्बे में रखा गया था। यह शॉल कश्मीर की बारीक ऊन से हाथ से बुनी गई है और अपनी मुलायम बनावट, हल्के वजन और गर्माहट के लिए दुनियाभर में जानी जाती है। जिस चांदी के बॉक्स में शॉल रखी गई, वह तेलंगाना के कारीगरों द्वारा तैयार किया गया है। यह उपहार भारत की विविध हस्तशिल्प परंपराओं की एक सुंदर झलक पेश करता है।

यूएई की महिला नेता शेखा फातिमा बिंत मुबारक अल केतबी को पीएम मोदी ने भेंट की केसर

प्रधानमंत्री ने यूएई की महिला नेता शेखा फातिमा बिंत मुबारक अल केतबी को भी पश्मीना शॉल और कश्मीरी केसर भेंट किया। दोनों ही उपहार चांदी के अलंकृत डिब्बों में दिए गए। कश्मीर घाटी में उगाया जाने वाला केसर अपने गहरे लाल रंग और सुगंध के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खास पहचान रखता है।

शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का सोमवार को कुछ घंटों का भारत दौरा दोनों देशों के व्यापारिक और कूटनीतिक संबंधों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह यात्रा ऐसे समय में हुई है, जब वैश्विक राजनीति में भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है। एक ओर वेनेजुएला और ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका की चीन और रूस के साथ तनातनी है, वहीं ईरान में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। इसके अलावा यूएई और सऊदी अरब के बीच तनाव की खबरें भी सामने आ रही हैं। ऐसे माहौल में भारत और यूएई के शीर्ष नेतृत्व की यह मुलाकात खास अहमियत रखती है।

100.06 अरब डॉलर के आंकड़े के पार भारत-यूएई का व्यापार

विदेश मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में भारत और यूएई के बीच द्विपक्षीय व्यापार 100.06 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है, जो 19.6 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है। इस उपलब्धि के साथ यूएई, भारत के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में और मजबूती से शामिल हो गया है। गौरतलब है कि बीते कुछ वर्षों में भारत और यूएई के रिश्ते लगातार और मजबूत हुए हैं। दोनों देशों ने ऊर्जा, व्यापार, निवेश, रक्षा और तकनीक समेत कई क्षेत्रों में सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वर्ष 2019 में यूएई द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ जायद’ से सम्मानित किया जा चुका है, जो दोनों देशों के घनिष्ठ संबंधों का प्रतीक है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article