देश

5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर आज उपचुनाव, नंदीग्राम में महासंग्राम, जानिए कहां-कहां हैं अहम मुकाबले

उपचुनाव में खास तौर पर प. बंगाल पर सबकी नजरें हैं कि यहां बीजेपी का प्रदर्शन कैसा रहता है। इसके अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और TVK की साख की भी परीक्षा होगी।

Image

आज 5 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर उपचुनाव

Bypoll in Bengal And Tamil Nadu: आज 5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। इनमें तमिलनाडु, प. बंगाल की अहम सीटें शामिल हैं। खास तौर पर प. बंगाल पर सबकी नजरें हैं कि यहां बीजेपी का प्रदर्शन कैसा रहता है। इसके अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और TVK की साख की भी परीक्षा होगी।

बंगाल का हाई-प्रोफाइल नंदीग्राम और रेजीनगर चुनाव

पश्चिम बंगाल की दोनों सीटें राजनीतिक रूप से काफी गर्माई हुई हैं। नंदीग्राम (Nandigram) सीट खाली होने का कारण यह है कि सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों जगह चुनाव लड़ा था। भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराने के बाद वे राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बने और नंदीग्राम सीट छोड़ दी। बीजेपी ने भाजपा ने हंसीरानी रथ को टिकट दिया है। हंसीरानी के बेटे चंद्रनाथ (सुवेंदु के करीबी सहयोगी) की चुनाव नतीजों के तुरंत बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

TMC में फूट और कानूनी ड्रामा

15 साल बाद सत्ता से बाहर हुई TMC दो गुटों में बंट चुकी है। ममता बनर्जी वाले मूल गुट ने अपनी प्रत्याशी संचिता प्रधान डे के नाम वापसी के बाद कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को समर्थन दिया। हालांकि, मिलन प्रधान को पर्चा भरने के बाद 2007 के एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी, जिसे राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई टाल दी।

मैदान में अन्य उम्मीदवार

TMC के बागी गुट ने मोहम्मद एतशामुल हक और CPI ने शांतिगोपाल गिरि को उतारा है। रेजीनगर (Rejinagar) सीट खाली होने का कारण यह है कि हुमायूं कबीर को TMC से निलंबित/निष्कासित किए जाने के बाद उन्होंने 'आम जनता विकास पार्टी' बनाई और रेजीनगर सीट से इस्तीफा दे दिया। इस क्षेत्र में लगभग 70% अल्पसंख्यक मतदाता हैं। हुमायूं कबीर ने अपने बेटे गुलाम नबी आजाद को मैदान में उतारा है।

भाजपा ने सखारव सरकार, CPI(M) ने सैयद असद अली, ममता गुट की TMC ने रबीउल आलम चौधरी, विरोधी TMC गुट ने शफीउज्जमां शेख और कांग्रेस ने मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी को मैदान में उतारा है।

सीएम विजय और TVK की साख की परीक्षा

तमिलनाडु की दो सीटों—मदुरंतकम और धारापुरम पर उपचुनाव हो रहे हैं। यह उपचुनाव मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और उनकी नई पार्टी तमिजगा वेत्री कजगम (TVK) के लिए पहला बड़ा राजनीतिक लिटमस टेस्ट माना जा रहा है। AIADMK की विधायक मरगथम कुमारवेल (मदुरंतकम) और पी. सत्यभामा (धारापुरम) ने अपनी सीटों से इस्तीफा देकर TVK जॉइन कर ली थी। अब TVK ने इन दोनों को ही अपना प्रत्याशी बनाया है।

मदुरंतकम में 27 और धारापुरम में 30 उम्मीदवार मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली DMK, AIADMK और CPI ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद सरकार बनाने में CPI ने TVK का समर्थन किया था, लेकिन इस उपचुनाव में दोनों आमने-सामने हैं।

पुडुचेरी की थट्टांचवडी (Thattanchavady) सीट

एनडीए का नेतृत्व कर रही ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) ने अशोक आनंद को टिकट दिया है। DMK और कांग्रेस गठबंधन की तरफ से के. सेथु सेल्वम (DMK) और ई. विनयागम (कांग्रेस) मैदान में हैं। पुडुचेरी में कांग्रेस प्रत्याशी को तमिलनाडु में सरकार चला रही विजय की पार्टी TVK का समर्थन प्राप्त है। इस सीट पर कुल 11 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

असम की नगांव लोकसभा सीट

असम की नगांव लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है। पूर्व कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हो गए थे, जिसके चलते यह सीट खाली हुई थी। कांग्रेस 2019 और 2024 में इस सीट को जीत चुकी है। कुल 15 प्रत्याशी मैदान में हैं:

  • BJP: देवाशीष शर्मा
  • कांग्रेस: पूर्व विधायक शिबामोनी बोरा
  • AIUDF: पार्टी प्रमुख बदरुद्दीन अजमल

नगांव में 55% से अधिक अल्पसंख्यक आबादी है, जिससे कांग्रेस, AIUDF और BJP के बीच मुकाबला बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय हो गया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article