देश

अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला फूंकते वक्त जलीं भाजपा विधायक, हाल लेने अस्पताल पहुंच गए सपा अध्यक्ष

बहराइच में अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला फूंकते समय आग की चपेट में आईं भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल का हाल लेने सपा अध्यक्ष पहुंचे, उन्होंने कहा- सद्भाव बना रहे, सौहार्द बना रहे!

Image

अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

Photo : PTI

भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल बहराइच में प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन करते समय झुलस गईं थीं, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं इस मामले में ताजा अपडेट सामने आया है कि मंगलवार यानी 28 अप्रैल को अखिलेश यादव उनसे मिलने पहुंचे और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

बता दें कि यूपी भाजपा हर जिले में महिला जन आक्रोश सम्‍मलेन के तहत रैली निकाल रही है। संसद में महिला आरक्षण बिल पास ना हो पाने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता जगह-जगह कांग्रेस और सपा के पुतले फूंक रहे हैं।

इसी क्रम में बहराइच में अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला फूंकते समय बहराइट सदर विधायक अनुपमा जायसवाल आग की चपेट में आने से झुलस गई थीं। अब मंगलवार को सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव उनका कुशलक्षेम जानने पहुंचे। अखिलेश यादव ने मेदांता अस्‍पताल पहुंचकर अनुपमा जायसवाल को नमस्‍कार किया तो वे मुस्‍कुराने लगीं।

उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल पर इसको शेयर करते हुए लिखा- हम नहीं चाहते हैं कि समाज के बीच आग जले। हम चाहते हैं समाज में सौहार्द की फुहार हो। हमारी सकारात्मक राजनीति की स्वस्थ परंपरा ने हमें यही सिखाया है...

आग की लपटें विधायक जायसवाल के चेहरे पर लगीं

यह घटना बहराइच में जिलाधिकारी आवास के पास हुई, जहां भाजपा ने नारी वंदन अधिनियम का विरोध करने वाली विपक्षी दलों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया था। इसी प्रदर्शन में सदर विधायक अनुपमा जायसवाल भी शामिल होने पहुंची थीं। पुतला दहन के दौरान आग की लपटें विधायक जायसवाल के चेहरे पर लगीं, जिससे वह झुलस गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल आग बुझाने की कोशिश की और विधायक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। फिलहाल विधायक की हालत स्थिर बताई जा रही है।

बेहतर इलाज के लिए लखनऊ मेदांता में रेफर किया गया था

अखिलेश ने उनके स्‍वास्‍थ्‍य को लेकर अस्‍पताल के डॉक्‍टरों से भी बातचीत की। बता दें कि पुतला जलाने की इस घटना में भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल के चेहरे और बाल झुलस गए थे। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ मेदांता में रेफर किया गया था जहां उनका इलाज किया जा रहा है। वहीं विधायक के शुभचिंतकों का अस्‍पताल में तांता लगा हुआ है जो उनसे मिलने आ रहे हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article