देश

Bullet Train: वाराणसी में भी दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, हो रहा है सर्वे, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी खुशखबरी

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 5, 2022, 05:42 PM IST

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) ने बनारस की जनता को खुशखबरी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे यहां के लिए बुलेट ट्रेन (Bullet Train) सेवा शुरू करने के लिए काम कर रहा है। इसके लिए सर्वे जारी है। डिजाइन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। काशी रेलवे स्टेशन को भी हवाई और जल मार्ग से जोड़ा जाएगा।

Image

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुलेट ट्रेन के नए प्रोजेक्ट की जानकारी दी

Photo : iStock

वाराणसी : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) ने शनिवार को कहा कि यहां बुलेट ट्रेन (Bullet Train) सेवा शुरू करने के लिए सर्वे का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित हाई स्पीड रेल कॉरिडोर ग्रेटर नोएडा, आगरा, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी से होकर गुजरेगा। मुंबई और अहमदाबाद के बीच पहली बुलेट ट्रेन परियोजना पर बोलते हुए रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के माध्यम से नई चीजें सीखी जा रही हैं। जैसे-जैसे यह प्रोजेक्ट डवलप होगी और अधिक विकास होगा।

वाराणसी में बुलेट ट्रेन शुरू करने के लिए हो रहा है सर्वे

रेल मंत्री ने आगे कहा कि देश में और भी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर बनाए जाएंगे। वाराणसी में बुलेट ट्रेन शुरू करने के लिए सर्वे का काम चल रहा है। वाराणसी का दौरा कर रहे अश्विनी वैष्णव ने काशी स्टेशन और राजघाट पुल का भी निरीक्षण किया।

हवाई और जल मार्ग से जोड़ा जाएगा काशी स्टेशन

वाराणसी जिले में काशी स्टेशन का विकास आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 350 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। वैष्णव ने मीडिया से कहा कि इसका डिजाइन काशी की धार्मिक और मंदिर संस्कृति को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि काशी स्टेशन को हवाई और जल मार्ग से जोड़ने की भी प्लानिंग है और इसके डिजाइन पर काम किया जा रहा है।

पीएम के कॉन्सेप्ट पर तैयार हो रहा है बुलेट ट्रेन का डिजाइन

रेल मंत्री ने कहा कि एक बार डिजाइन को अंतिम रूप देने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंजूरी से काम शुरू हो जाएगा। मोदी लोकसभा में वाराणसी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। अंतर्देशीय जलमार्ग को प्रधानमंत्री का कॉन्सेप्ट बताते हुए वैष्णव ने कहा कि घाट को काशी स्टेशन से जोड़ा जाएगा और निर्माण में ढाई से तीन साल लगेंगे।

गंगा पर बनेगा 4 रेलवे ट्रैक और छह लेन का हाईवे वाला पुल

राजघाट पुल के निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री ने कहा कि गंगा पर चार रेलवे ट्रैक और छह लेन का हाईवे वाला नया पुल बनाया जाएगा। रेलवे एक दिन में 12 किमी की दर से ट्रैक बिछा रहा है। मंत्री ने कहा कि जब नई पटरियां बिछाई जाएंगी तो नई ट्रेनें चलाई जाएंगी।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article