देश

आकाश आनंद की BSP में वापसी, मायावती ने फिर सौंपा नेशनल कोऑर्डिनेटर का पद; बोलीं- 'उम्मीद है अब सब सुचारू चलेगा'

बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद की पार्टी में वापसी का ऐलान करते हुए उन्हें एक बार फिर राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर (National Coordinator) नियुक्त किया है। मायावती ने स्पष्ट किया कि पार्टी हित और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ के सक्रिय राजनीति से रिटायर होने के बाद, अब संगठन के सुचारू संचालन की उम्मीद जताई जा रही है।

Image

भतीजे आकाश आनंद को फिर बनाई BSP का नेशनल कोऑर्डिनेटर। PTI

Photo : PTI

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बहुजन समाज पार्टी में अंदरूनी हलचल तेज है। पार्टी में एक बार फिर आकाश आनंद की वापसी हो चुकी है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक बार फिर अपने भतीजे आकाश आनंद की पार्टी में वापसी का ऐलान कर दिया है। बीएपी प्रमुख ने पार्टी के हित का हवाला देते हुए आकाश आनंद को एक बार फिर बीएसपी के राष्ट्रीय संयोजक पद की जिम्मेदारी सौंप दी है।

मायावती ने कहा कि पार्टी और आंदोलन के हित में विचार-विमर्श के बाद आकाश आनंद को एक बार फिर BSP का राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर (National Coordinator) नियुक्त किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ के सक्रिय राजनीति से रिटायर होने के बाद पार्टी में अब सब कुछ सुचारू और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ेगा।

मायावती ने अपने बयान में कहा कि बहुजन समाज के हितों के लिए बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के संघर्ष और विचार BSP के लिए हमेशा प्रेरणा के स्रोत रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर जोरदार तैयारी कर रही है।

‘पूरा बहुजन समाज मेरा परिवार’

मायावती ने कहा कि केवल उनका व्यक्तिगत परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा बहुजन समाज उनका विशाल परिवार है और उसकी भलाई उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए उन्होंने पिछले कुछ दिनों में कई कड़े फैसले लिए हैं।

मायावती ने यह भी स्पष्ट किया कि इन फैसलों में उनके अपने भाई-बहन और परिवार के सदस्य भी अपवाद नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बात पूरी दुनिया जानती है कि पार्टी अनुशासन के मामले में वह किसी तरह का पक्षपात नहीं करती हैं।

आकाश आनंद को लेकर क्यों लिया गया था फैसला?

मायावती ने कहा कि आकाश आनंद की पार्टी में भूमिका और उनका व्यक्तित्व बड़े स्तर पर उचित रहा है, लेकिन हाल के दिनों में उनसे जुड़ी कुछ परिस्थितियों के कारण संगठन में कई बार जरूरी बदलाव करने पड़े। इसी क्रम में आकाश आनंद के ससुर और पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे अशोक सिद्धार्थ को भी सक्रिय राजनीति से रिटायर होना पड़ा। इसके बाद मायावती के मुताबिक आकाश आनंद के व्यक्तित्व और काम करने के तरीके में भी कई बदलाव देखने को मिले।

मायावती ने विशेष तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आकाश आनंद की ओर से हाल ही में किए गए उस पोस्ट का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने पार्टी में लौटने की इच्छा जाहिर की थी। मायावती ने कहा कि उनके इस पोस्ट को लेकर काफी चर्चा भी हुई।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article