Border Security Force: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात बीएसएफ (BSF) की 70 बटालियन के जवानों ने शनिवार शाम पगला नदी में 38 लाख रुपए कीमत के 317 मोबाइल फोन (Mobile Phone) जब्त किए। बीएसएफ के अनुसार खुफिया सूत्रों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर फोन जब्त किए गए हैं।
बीएसएफ को नदी में तैरते मिले 317 मोबाइल
बीएसएफ ने एक बयान में कहा कि 8 अक्टूबर 2022 को शाम 5.30 बजे, बॉर्डर आउट पोस्ट लोधिया में दक्षिण बंगाल फ्रंटियर 70 बटालियन के सैनिकों ने पगला नदी में तैरते हुए 317 मोबाइल फोन जब्त किए। बॉर्डर आउट पोस्ट लोधिया के जवानों ने देखा कि पगला नदी में केले के तने से बंधे कुछ प्लास्टिक के कंटेनर नदी के किनारे बांग्लादेश की ओर तैर रहे हैं।
38 लाख है सभी मोबाइल की कुल कीमत
अलर्ट जवानों ने तुरंत उपरोक्त कंटेनरों को नदी से बाहर निकाला और जब उन्होंने उन्हें खोला तो उनमें मोबाइल के 317 टुकड़े मिले। इनके पास से अलग-अलग कंपनियों के फोन बरामद हुए हैं, जिसकी कीमत 38,83,000 रुपए आंकी गई है। जब्त माल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस स्टेशन अंग्रेजी बाजार को सौंप दिया गया है।बीएसएफ ने बताया कि 70वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करी को रोकने के लिए सख्त कदम उठा रहा है, जिससे तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और उनमें से कुछ को पकड़ा भी जा रहा है, जिन्हें कानून के मुताबिक सजा भी दी जा रही है।
